एक रेस्टोरेंट में खाना खाने गए युवक ने सलाद को बासी बताया तो रेस्टोरेंट मालिक व कर्मचारियों ने उसे डंडों व लात-घूंसों से पीटा। इतना ही नहीं ग्राहक के गले में पहनी सोने की चेन और जेब से रुपए भी लूट लिए। बनाड़ रोड के खंगार रेस्टोरेंट में हुई इस घटना में महामंदिर पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के प्रयास में केस दर्ज किया है। पीड़ित ग्राहक बनाड़ के देवलिया निवासी महेंद्रसिंह पुत्र भंवरसिंह का पुलिस ने मेडिकल करवाया। मामले के बाद से ही रेस्टोरेंट मालिक श्रवणसिंह फरार है।
महामंदिर थाने के एसआई खेताराम ने बताया कि महेंद्रसिंह गुरुवार रात खंगार रेस्टोरेंट में खाना खाने गया था। वेटर ने जो सलाद परोसा, उसमें से दुर्गंध आ रही थी। वेटर को उलाहना दिया तो बात बिगड़ गई। होटल मालिक श्रवण सिंह व स्टाफ ने झगड़ा शुरू कर दिया। लात-घूंसों एवं डंडे से पिटाई में महेंद्रसिंह का सिर फट गया और खून बहने लगा। सोने की चेन व रुपए भी ग्राहक से लूट लिए गए।