सीकर : पुलिस ने की अवैध हुक्का पार्लर पर कार्रवाई, 11 युवकों सहित संचालक गिरफ्तार

बीते दिन मंगलवार को सीकर की उद्योग नगर थाना पुलिस ने अवैध हुक्का पार्लर पर कार्रवाई करते हुए 11 युवकों सहित संचालक को गिरफ्तार किया हैं। पुलिस ने मौके से 3 हुक्के भी जब्त किए हैं। उद्योग नगर पुलिस थाना के सब इंस्पेक्टर अमर सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि शहर में बायोस्कॉप मॉल के पास एक रेस्टोरेंट में अवैध रूप से हुक्का पार्लर संचालित किया जा रहा है। सूचना पर यारां दा अड्डा रेस्टोरेंट पर जाकर तलाशी ली गई, जिसमें रेस्टोरेंट के पिछले हिस्से में बने एक बड़े हॉल में 11 युवक हुक्का पी रहे थे। अमर सिंह ने बताया कि मौके से हुक्का पी रहे 11 युवकों सहित रेस्टोरेंट संचालक विकास जाट (25) को गिरफ्तार किया और साथ ही मौके से तीन हुक्के भी जब्त किए गए हैं।

सीकर शहर में केवल 6 किलोमीटर के दायरे में ही 10 से अधिक हुक्का पार्लर रेस्टोरेंट की आड़ में संचालित हो रहे हैं। सीकर शहर में सबसे ज्यादा अवैध हुक्का पार्लर रानी सती रोड़ क्षेत्र में संचालित हो रहे हैं। रानी सती पुलिस चौकी के 200 मीटर के दायरे में ही 5 अवैध हुक्का पार्लर रेस्टोरेंट की आड़ में संचालित किए जा रहे हैं। जिन पर देर रात तक युवक-युवतियों का जमावड़ा लगा रहता है। कुछ रेस्टोरेंट में बनाए गए अवैध हुक्का पार्लर के हॉल या कैबिन में संचालकों ने लाइटिंग की व्यवस्था इस तरह से की है, जिसमें एक व्यक्ति दूसरे व्यक्ति का चेहरा भी सही से नहीं देख सके। साथ ही इन कैबिन में संचालकों ने साउंड सिस्टम और एलईडी स्क्रीन भी लगाई हुई है। जिन पर वहां आने वाले ग्राहकों को संचालक उनकी इच्छा के अनुसार तेज आवाज में गाने बजाने जैसे ऑफर भी देते हैं।