स्पेन में 113 साल की महिला ने कोरोना वायरस को दी मात

दुनिया में करोना वायरस से अब तक 43 लाख 40 हजार 58 लोग संक्रमित हो चुके हैं। दो लाख 92 हजार मौतें हो चुकी हैं, जबकि 16 लाख दो हजार 155 लोग ठीक हो चुके हैं। स्पेन की बात करे तो यहां 2,69,520 लोग इस वायरस से संक्रमित हो चुके है और 26,920 मौतें इस वायरस की वजह से हो गई है। वहीं, स्पेन में 113 वर्षीय मारिया ब्रायनस (Maria Bryance) ने कोरोना को हराया है। मारिया ब्रायनस देश में इस बीमारी से ठीक होने वाली सबसे उम्रदराज महिला हैं। यह जानकारी मारिया के ट्विटर अकाउंट से उनके परिवार के सदस्यों ने साझा की। अप्रैल में उनमें कोरोना के लक्षण नजर आए थे। इसके बाद उन्हें आइसालेट किया गया। इस दौरान वे अपने परिवार के सदस्यों के साथ संपर्क में रहीं। मई के पहले सप्ताह में डॉक्टरों ने उनके पूर्ण स्वस्थ्य होने की पुष्टि कर दी। मारिया 2019 से स्पेन की सबसे उम्रदराज महिला हैं।

मारिया स्पेन में 105 साल से ज्यादा उम्र की दूसरी ऐसी महिला हैं, जिसने इस बीमारी को हराया है। इससे पहले 107 साल की एना डेल वैले कोरोना संक्रमण से ठीक हुई थी। एना डेल 5 साल की उम्र में स्पेनिश फ्लू बीमारी से भी ठीक हुईं थी।

मारिया का जन्म 1907 में सैन फ्रांसिस्को के एक स्पैनिश प्रवासी परिवार में हुआ था। उनके जन्म के कुछ दिन बाद उनका परिवार स्पेन लौट आया था। 1931 में मारिया की शादी एक डॉक्टर से हुई। उनके तीन बच्चे, 11 पोते-पोतियां और 13 पड़पोते- पड़पोतियां हैं। वह 1918 का स्पेनिश फ्लू (Spanish Flu) और 1936 से 1939 तक चले नागरिक युद्ध भी झेल चुकी हैं।