तेज रफ्तार में वाहन चलते समय नियंत्रण बहुत जरूरी हैं अन्यथा यह हादसों का कारण बनता हैं। इसका एक नजारा देखने को मिला सोमवार को सोजत सिटी थाना क्षेत्र के चंडावल के निकट जहां तेज गति से आ रहे ट्रेलर ने पानी की बोतल लेने बाइक से उतर कर रोड क्रॉस कर रहे वृद्ध को कुचल दिया और वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रेलर छोड़कर मौके से फरार हो गया।
चंडावल चौकीप्रभारी माधाराम ने बताया कि दयालपुरा निवासी 55 वर्षीय रेवतराम पुत्र पोकरराम देवासी अपने भांजे भरत के साथ सोमवार सुबह गांव से सोजत सिटी के लिए बाइक पर रवाना हुआ। प्यास लगने पर वे चंडावल के निकट रूके। इस दौरान रेवतराम पानी की बोतल खरीदने होटल पर जा रहा था कि रायपुर की तरफ से तेज गति ने आ रहे ट्रेलर चालक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। ट्रेलर का पहिया रेवतराम के ऊपर से गुजर गया। जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।