रींगस थाना इलाके में सरकारी शिक्षक को अगवा कर कार लूट मामले में पुलिस की तलाश जारी है। पुलिस ने नंबर के आधार पर टोल से गुजरने वाली गाड़ियों की जांच की। तलाश में वह गाड़ी जयपुर के एक होटल संचालक के नाम निकली है। जांच अधिकारी का कहना है कि बदमाशों ने फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया है।
थाना अधिकारी रघुवीर शरण ने बताया-शिक्षक के बयान के आधार पर हमने टोल के सीसीटीवी जांच की तो उसमें बोलेरो दिखाई दी है। नंबर प्लेट के आधार पर रिकॉर्ड खंगाला तो जयपुर में एक होटल चलाने वाले की बोलेरो निकली है जो उसने कुछ दिनों पहले ही बेच दी थी। बोलेरो पिछले कुछ दिनों से कार बाजार में खड़ी हुई है। पुलिस का कहना है कि बदमाशों ने नंबर प्लेट बदलकर इस्तेमाल किया। बता दें कि झुंझुनूं से लौटते हुए सरकारी शिक्षक से चौमूं पुरोहितान के पास पता पूछने के बहाने बदमाशों ने कार रुकवाई। कार में जबरन घुसकर शिक्षक को अगवा किया। अजीतगढ़ में ले जाकर उसे छोड़ दिया, लेकिन दो महीने पहले खरीदी कार लूट कर फरार हो गए।