पाली : खराब ताले की चाबी बनाने के नाम पर दिया लूट को अंजाम, सीसीटीवी फुटेज में नजर आए संदिग्ध

जिले के नाणा गांव में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया जहां चाबी बनाने वाले दो युवकों ने महिला को घर में अकेले पाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।दो युवक खराब ताले की चाबी बनाने एक घर में घुसे। इस दौरान महिला चाय बनाने रसोई में गई तो बदमाश अलमारी का ताला खोल उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण व नकदी लेकर फरार हो गए। सूचना पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले जिसमें संदिग्ध दोनों युवक नजर आए। जिनकी पुलिस तलाश में जुटी है। नाणा थानाप्रभारी भंवरलाल माली ने बताया कि पीड़िता द्वारा बताए गए घटनाक्रम व युवकों के हुलिए के जैसे दो संदिग्ध सीसीटीवी फुटेज में नजर आए। जिनकी तलाश में नाकाबंदी भी करवाई है।
नाणा निवासी मोहन कंवर पत्नी मूलसिंह देवड़ा ने पुलिस को बताया कि शाम करीब चार बजे दो युवक पैदल घर की तरफ से निकल जो चाबी बनवा लो की आवाज लगा रहे थे। जिस पर एक ताले की चाबी बनवाने के लिए उन्हें रोका। उन्होंने ताला ठीक किया तो अलमारी की चाबी दुरुस्त करवाने के लिए उन्हें दी। जिसे वे दुरुस्त कर रहे थे और वह रसोई में चाय बना रही थी। चाय बनाकर रसोई से बाहर आई तो दोनों युवक गायब मिले। कमरे की अलमारी खुली मिली। अलमारी में रखे 17 हजार रुपए व चार-पांच तोला सोने के आभूषण गायब थे। जिस पर पुलिस को सूचना दी।