भरतपुर : ट्रक से हुई टक्कर में गई साइकिल सवार मजदूर की जान, पलटने से ट्रक ड्राईवर भी घायल

आगरा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित मेडिकल कॉलेज के निकट रविवार शाम 7 बजे एक अनियंत्रित ट्रक ने एक साइकिल सवार मजदूर (बंदानी) को टक्कर मार दी। दुर्घटना में साइकिल सवार मजदूर की मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक घायल हो गया। दुर्घटना के दौरान ट्रक भी सड़क किनारे पलट गया। सूचना मिलने पर थाना सेवर पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
हैड कांस्टेबल देशराज ने बताया कि महुआ सेवर निवासी 45 वर्षीय विजय सिंह जाटव पुत्र मोहनलाल जाटव बंदानी था। वह मकानों पर पट्‌टी चढ़ाने का कार्य करता था। सूरजपोल चौराहे से वह रोजाना की तरह अपनी साइकिल से मजदूरी करके वापस घर लौट रहा था कि रविवार शाम करीब सात बजे राष्ट्रीय राजमार्ग पर मेडिकल कॉलेज के निकट आगरा की ओर से आ रहे ट्रक ने पीछे से उसकी साइकिल को टक्कर मार दी।साथ ही ट्रक भी अनियंत्रित होकर पलट गया। घटना में घायल साइकिल सवार मजदूर विजय सिंह जाटव एवं ट्रक चालक लूनिया का वास जयपुर निवासी 50 वर्षीय किशन सिंह पुत्र पांचू सिंह को पुलिस टीम जिला आरबीएम अस्पताल लेकर पहुंची, जहां बंदानी विजय सिंह जाटव को चिकित्सकों ने मृत घोषित घोषित कर दिया। ट्रक आगरा से आ रहा था, उसमें चाय पत्ती भरी हुई है, जो जयपुर के लिए ले जाई जा रही थी। दुर्घटना के संबंध में पीडि़त की ओर से कोई मामला दर्ज नहीं कराया गया है।