बांसवाड़ा : घर से 200 मीटर दूर पेड़ पर फंदे से झूलता मिला दूल्हा, शादी में डीजे नहीं बजने से था नाराज

जिले के आंबापुरा थाना क्षेत्र के दावड़ीमाल इलाके से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया जहां एक दूल्हा अपने घर से 200 मीटर दूर पेड़ पर फंदे से झूलता मिला। युवक की आत्महत्या की वजह शादी में DJ नहीं बजाने देने की बात कही जा रही है। हालांकि पुलिस ऐसी किसी बात से इनकार कर रही है। वारदात से पहले दूल्हे के घर में नोतरा (समाज के सहयोग से धन एकत्रित करने का कार्यक्रम) था, जहां दूल्हा पूरी रात परिवार के साथ था। मृतक लाल सिंह ने नोतरा कार्यक्रम के दौरान सिर पर गमछा बांध रखा था। आत्महत्या से पहले उसने गमछे को आधा फाड़कर एक हिस्सा पेड़ पर बांधा, जबकि दूसरा हिस्सा गले में बांधा था। उसने सर्दी से बचने के लिए जो शॉल ओढ़ रखी थी। वह भी पेड़ की डाल पर रखी हुई मिली।

मामला आंबापुरा थाना क्षेत्र के दावड़ीमाल इलाके का है। यहां के लाल सिंह उर्फ विनोद (21) पुत्र स्व। नागजी माल की शुक्रवार सुबह 10 बजे बारात कुशलगढ़ के सारेल गांव में जानी थी। इससे पहले शादी में होने वाले खर्चों की पूर्ति के लिए नोतरे का आयोजन हुआ था। गुरुवार शाम से नोतरा चालू था। पूरी रात दूल्हा लाल सिंह इस समारोह में मौजूद रहा। अलसुबह करीब 4 बजे लाल सिंह समारोह स्थल से गया। इसके बाद वह नहीं लौटा। अंधेरे में परिवार ने उसकी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। उजाला होने पर शव पेड़ से लटका मिला। सूचना पर पुलिस ने शव उतरवाया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सुपुर्द किया।

जांच अधिकारी ASI रमेशचंद्र मीणा ने बताया कि फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस ने DJ नहीं बजने से नाराजगी वाली बात को खारिज किया है। ASI रमेशचंद्र ने बताया कि लाल सिंह परिवार को इकलौता लड़का था। उसकी एक बड़ी बहन थी, जिसका विवाह हो चुका है। पिता की भी करीब 10 साल पहले मृत्यु हो चुकी है। पुलिस ने बताया कि लालसिंह का सामाजिक रीति-रिवाज से विवाह हो रहा था। उसकी किसी बात की नाराजगी को लेकर भी परिवार जानकारी नहीं दे पा रहा है।