मोईनुद्दीन चिश्ती दरगाह का 809वां उर्स, आज अदा की गई जुमे की नमाज, मांगी अमन-भाईचारे की दुआ

अजमेर में हर साल सूफी संत हजरत ख्वाजा मोईनुद्दीन हसन चिश्ती की दरगाह पर उर्स का मेला आयोजित किया जाता हैं। इस साल 809वें उर्स में शरीक होने लोग पहुंच रहे हैं। आज शरीक होने आए आशिकान ख्वाजा ने शुक्रवार को जुमे की नमाज अदा कर मुल्क में अमन, खुशहाली और भाईचारे की मजबूती के लिए दुआ की। खुत्बा जुमा के लिए अजान हुई और शहर काजी मौलाना तौसीफ अहमद सिद्दीकी ने खुत्बा पढ़ा। तकबीर औला के साथ ही मौलाना सिद्दीकी की इमामत में दो रकअत नमाज फर्ज जुमा अदा की गई।
दरगाह परिसर में शाहजहांनी मस्जिद, अहाता नूर, अरकाट का दालान, हमीद अली का दालान, सेहन चिराग का एरिया, बाबा फरीद के चिल्ले का सेहन, अकबरी मस्जिद के सामने का दालान, खादिमों के हुजरों, महफिल खाना, बुलंद दरवाजा और सभी सेहन में नमाजियों की सफें लगी थीं। परिसर में हर तरफ नमाजी ही नमाजी नजर रहे थे। परिसर नमाजियों से पूरा भर जाने के बाद दरगाह के बाहर नमाजियाें की सफ लगना शुरू हो गई। दरगाह बाजार में धान मंडी तक नमाजियों की सफें लगी थीं। इधर, दरगाह के आसपास स्थित गेस्ट हाउस मकानों की छतों, झरोखों में भी नमाजियों की सफें लगी थीं। लंगर खाना गली और नलाबाजार में भी नमाज के लिए सफें लगी थीं।