बीकानेर : व्यापारी की हत्या के बाद जनता में आक्रोश, टायर जला किया प्रदर्शन, रास्ता जाम

बीती रात शहर में एक व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी जिसके बाद से लोगों में आक्रोश हैं और रास्ता जाम किया गया हैं। भाजपा नेताओं के साथ कई संगठनों के लोगों ने सुबह 10 बजे ही मुख्यमार्ग पर बने कोटगेट क्षेत्र को बंद कर दिया। जिससे दोनों तरफ रास्ता जाम हो गया। वहीं, प्रदर्शन कर रहे लोगों ने टायर में आग लगा सड़क के बीच रख दिया।

शुक्रवार शाम पूगल रोड पर गिरिराज अग्रवाल नामक एक व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इससे पहले दो लोगों पर फायरिंग हो चुकी है। ऐसे में आक्रोशित लोगों ने आज सड़कों पर उतरकर विरोध जताया। करीब एक घंटे से जाम कोटगेट फाटक के कारण हजारों लोगों को रास्ता बदलकर निकलना पड़ा। इस दौरान पुलिस ने भी मोर्चा संभाल लिया। कोटगेट के दोनों तरफ भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात किया गया है। आला पुलिस अधिकारी भी इस दौरान मौके पर रहे।

व्यापारी गिरिराज अग्रवाल की हत्या का अब तक सुराग नहीं मिला है। घटना के 12 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली है। पुलिस ने शुक्रवार रात पूगल रोड के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं। इस दौरान कुछ सुराग मिला या नहीं, अभी पता नहीं चल पाया है।