तमिलनाडु / नेवेली लिग्नाइट प्लांट में ब्लास्ट, 6 लोगों की मौत, 17 घायल

तमिलनाडु (Tamil Nadu) के नेवेली (Neyveli) में नेवेली लिग्नाइट कॉर्पोरेशन (Neyveli Lignite power plant) में बॉयलर स्टेज-2 में ब्लास्ट हुआ है। इस ब्लास्ट की वजह से 4 लोगों की मौत हो गई है और 17 लोग घायल हो गए हैं। घायलों को एनएलसी लिग्नाइट अस्पताल ले जाया गया है। संभावना जताई जा रही है कि हताहतों की संख्या बढ़ सकती है। ऐसा ही ब्लास्ट 7 मई को हुआ था, जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई थी।

एनएलसी के पास खुद की फायर बिग्रेड टीम है, जो हालात पर काबू पाने की कोशिश कर रही है। इसके साथ ही हालात का जायजा लेने के लिए कुड्डालोर जिला प्रशासन की एक टीम मौके पर पहुंच गई है। धमाका किस वजह से हुआ अभी इस बात का पता नहीं चल पाया है।
7 मई को भी हुआ था ब्लास्ट

7 मई को नेवेली पॉवर प्लांट में बॉयलर ब्लास्ट हुआ था। हादसा 84 मीटर ऊंचाई वाले बॉयलर में हुआ था। उस समय कर्मचारी और टेक्नीशियन 32 मीटर पर मौजूद थे। ब्लास्ट के बाद सीआईएसएफ की फायर विंग ने आग पर काबू पाया है। इस हादसे में कई लोग घायल हो गए थे, जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई थी। इस हादसे के बाद कंपनी ने कहा था कि एनएलसी ने मामले की जांच के लिए 6 सदस्यीय कमेटी का गठन किया है, जिसकी अगुवाई जनरल मैनेजर करेंगे। कमेटी पूरे हादसे की जांच के साथ ही भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाएंगे। मई के हादसे के एक महीने बाद फिर बॉयलर ब्लास्ट हुआ है।बता दें कुड्डालोर, राजधानी चेन्नई से 180 किलोमीटर दूर स्थित है। सात इकाइयों में 1,470 मेगावाट बिजली का उत्पादन होता है। एक बॉयलर में विस्फोट हो गया, जिससे बड़े पैमाने पर आग लग गई। फिलहाल आग पर काबू करने की कोशिश जारी है।