शहर के चांदपोल बाजार में चार दिन पहले मोबाइल फोन चुराने वाले एक बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह पूरी वारदात सीसीटीवी फुटेज में रिकॉर्ड हो गई। इससे बदमाश का हुलिया नजर आ गया और महज चार दिनों में पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। चुराया गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया। वारदात के बाद केस की जांच हेड कांस्टेबल बच्चू सिंह को सौंपी गई थी।
कोतवाली थानाप्रभारी विक्रम सिंह चारण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद हासिम (27) काजी का नाला, रामगंज जयपुर का रहने वाला है। उसका आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। वह 13 जनवरी को शाम 4 बजे चांदपोल बाजार के नाटाणियों के रास्ते में पहुंचा। यहां नंदकिशोर शर्मा की पतासी की दुकान पर जाकर खड़ा हो गया। वहां काउंटर पर मोबाइल फोन रखा हुआ था। दुकान में कोई नजर नहीं आया।तब मोहम्मद हासिम ने मौका पाकर मोबाइल फोन चुरा लिया और वहां से भाग निकला। मोबाइल फोन गायब होने पर नंदकिशोर ने आसपास के लोगों से पूछा। इसके बाद दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग खंगाली। तब एक युवक के मोबाइल चुराकर भागने का पता चला। केस की जांच हेड कांस्टेबल बच्चू सिंह को सौंपी गई। जिन्होंने चार दिन में बदमाश की पहचान की। मोबाइल की लोकेशन जुटाई। तब हासिम पुलिस की गिरफ्त में आ गया। उससे मोबाइल फोन बरामद कर लिया।