सांगानेर सदर थाना पुलिस ने परीक्षा केंद्रों के बाहर खड़े वाहनों से गहने और नकदी चुराने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी धारा सिंह (34) मूलतः दूलकोट दौसा और हाल जयपुर में कृष्णा अपार्टमेंट, प्रताप नगर का रहने वाला है। आरोपी को 10 महीने के बाद पीड़ित ने ही पकड़वाया है।
इस संबंध में पीड़ित कोटपूतली निवासी विजय सिंह ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। जिसमें बताया था कि वह मार्च 2020 में एसएससी की परीक्षा देने सीतापुरा स्थित जीआईटी कॉलेज आया था। अपनी बाइक बाहर खड़ी करके परीक्षा देने चला गया। अंदर नहीं ले जा सकने की वजह से सोने की चेन और करीब 2 हजार रुपए बाइक की डिग्गी में रख गया था। वापस आने पर देखा तो डिग्गी में समान नही था। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और वहां के सीसीटीवी फुटेज निकालें।पीड़ित मार्च में घटना के 10 दिन बाद भी कॉलेज आया था। तब भी बाहर चोर उसे मिल गया। लेकिन बात करने पर वह फरार हो गया। इसके बाद 13 जनवरी को पीड़ित अपने एक परिचित से मिलने कॉलेज के पास आया था। वापस आरोपी नजर आया। जिसे पीड़ित ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचानकर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी की एक स्कूटी, कई चाबियां बरामद की है।