जम्मू कश्मीर के श्रीनगर में शनिवार सुबह एक भीषण आग की घटना सामने आई है। श्रीनगर के शहीदगंज इलाके में लगी इस आग ने कई रिहायशी घरों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। आग इतनी तेज़ी से फैलने लगी कि दमकल और आपातकालीन सेवाओं के पहुंचने से पहले ही कम से कम पांच घर पूरी तरह से जल गए थे। पुलिस ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है और मामला दर्ज कर लिया है।
इसी तरह, अनंतनाग जिले में पिछले गुरुवार को भीषण आग लगने से 20 से ज्यादा घर जलकर राख हो गए थे। इस हादसे में करीब तीन दर्जन परिवारों का घर उजड़ गया। अधिकारियों के अनुसार, आग कादीपोरा इलाके के गाजी नाग में एक घर से शुरू हुई थी और तेजी से आसपास के घरों में फैल गई। इस दौरान कुछ गैस सिलेंडरों में विस्फोट भी हुआ, जिससे आग की लपटें और तेज हो गईं। रातभर कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया था। '37 परिवार बेघर हो गए'
अनंतनाग के तहसीलदार सज्जाद अहमद वानी ने बताया था कि इस आग में कुल 22 घर जलकर खाक हो गए जिससे 37 परिवार बेघर हो गए। उन्होंने कहा कि प्रशासन प्रभावित लोगों को मदद देने के लिए तत्पर है। इस घटना को लेकर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने 'एक्स' पर लिखा था, अनंतनाग में लगी भीषण आग में कई घर जलकर खाक हो गए जिससे कई लोग बेघर हो गए हैं। प्रभावितों को तत्काल राहत और पुनर्वास सहायता प्रदान की जा रही है। इस कठिन समय में हम पीड़ितों के साथ खड़े हैं।