श्रीगंगानगर : ओवरटेक करते समय ट्रक के नीचे आई जीप, हादसे में हुई एक बच्चे सहित 6 की मौत

शनिवार सुबह श्रीगंगानगर में एक जानलेवा हादसा देखने को मिला जहां ट्रक ड्राईवर की गलती ने 6 लोगों की जान ले ली। सूरतगढ़ में ट्रक ओवरटेक कर रहा था जिसके चक्कर में सामने से आ रही क्रूजर जीप की भिड़ंत हो गई। जीप सवार 6 लोगों की मौके पर मौत हो गई। इनमें 4 महिलाएं, एक बच्चा और जीप का ड्राइवर है। हादसे में 7 लोग घायल भी हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना सुबह करीब 11 बजे घटित हुई। जीप सवार सभी लोग किशनपुरा उतराधा गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। यह रामदेवरा दर्शन करने के लिए जा रहे थे।

मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को क्रेन से अलग किया। इसके बाद जीप के मुड़े हुए हिस्सों को काट-काट कर मृतकों और घायलों को बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहनों को हटाकर रास्ता खुलवाया। पुलिस ने यहां जमा भीड़ को भी रास्ते से हटाया। इसके बाद ही ट्रैफिक शुरू हो पाया। ट्रक बीकानेर की ओर जा रहा था। ट्रक चालक भी हादसे में घायल हो गया है। बताया जा रहा है कि चालक नशे में था।