छत्तीसगढ़ : बिलासपुर में बुजुर्ग ने बहू को डांटा तो बेटे ने कुल्हाड़ी मारकर कर दी पिता की हत्या

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी है। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग शराब पीकर अपनी बहू को गालियां दे रहा था। जिसके चलते आरोपी बेटा पिता को समझाने गया था। मगर बुजुर्ग ने अपने ही बेटे पर रॉड से हमला कर दिया। इसके बाद नाराज बेटे ने अपने पिता की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। मामला तखतपुर थाना क्षेत्र का है।

छिरहा पचबहरा गांव में रहने वाले रामपुरी धुरी (64) शराब पीने का आदि था। वह हमेशा शराब पीकर घर में झगड़ा किया करता था। शनिवार दोपहर को भी वह शराब के नशे में घर पहुंचा था और अपनी बहू से विवाद कर रहा था। इस बात की जानकारी बहू ने करीब दोपहर डेढ़ बजे अपने पति दीपक धुरी(29) को दी थी तब वह घर आ गया। दीपक ने घर आकर पहले तो अपने पिता को समझाया लेकिन उसने एक बात नहीं सुनी और दीपक से भी झगड़ा करने लगा। इससे बाद उसने रॉड से दीपक को मारा। जिससे दीपक घायल हो गया। इसी बात से नाराज दीपक ने पास में रखे कुल्हाड़ी को उठाया और पिता पर कई वार गिए। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई।

घटना के बाद घर में चीख पुकार मच गई। दीपक की मां जोर-जोर से रोने लगी। जिसके बाद आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे। फिर इस बात की सूचना पुलिस को दी गई। खबर लगते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी बेटे को घर से ही गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी से घटना में इस्तेमाल कुल्हाड़ी को भी जब्त कर लिया गया है।