बागपत : अपहरण कर एक करोड़ की फिरौती का मामला, रिश्ते के दामाद ने ही रची थी साजिश

बीते दिन उत्तरप्रदेश के बागपत में बड़ौत के लोहा व्यापारी आदिश जैन का अपहरण हो गया था जिसमें 1 करोड़ की फिरौती मांगी गई थी। पुलिस ने व्यापारी को सही सलामत छुड़ा लिया था। और अब सामने आया हैं कि रिश्ते के दामाद ने ही अपहरण की साजिश रची थी। साजिश रिश्ते के दामाद गौरव जैन ने अपने दोस्त अभिषेक जैन के साथ मिलकर रची थी। वारदात में दोनों व्यापारियों समेत आठ आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

एसपी अभिषेक सिंह ने बताया कि अभियुक्त अभिषेक जैन की कपड़े और गौरव जैन की पंसारी की दुकान हैं। गौरव जैन रिश्ते में आदिश जैन का दामाद लगता है। गौरव का आदिश जैन के घर पर आना जाना था। दोनों दोस्तों ने मिलकर साजिश रची। करीब एक माह पहले बड़ौत के ही रॉकी से वैगनआर खरीदी गई। अभिषेक जैन ने अपनी दुकान पर काम करने वाले जौहड़ी निवासी अमित और उसके भाई सुमित को शामिल किया। बताया गया कि अपहरण की वारदात में वैगनआर का चालक मोहसीन के अलावा अश्वनी उर्फ प्रिंस और जिवाना निवासी अनुज शामिल रहे। एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई।

तय किया गया कि 25 लाख रुपये चारों बदमाशों को दिए जाएंगे, इनमें अपहरण होते ही पांच लाख रुपये एडवांस दे दिए गए थे। जबकि 75 लाख रुपये अभिषेक जैन और गौरव जैन को रखने थे। तीन अपहरणकर्ता व्यापारी को लेकर रटौल की ओर चले गए, जबकि अभिषेक जैन, अमित और सुमित बाइक पर बिजरौल के जंगल में पहुंचे। अभिषेक जैन ने रंगदारी मांगी और मोबाइल स्विच ऑफ कर अमित को दे दिया था। इसके बाद सब अपने-अपने घर लौट गए थे। एसपी अभिषेक सिंह ने बताया कि साजिशकर्ता अभिषेक जैन से पूछताछ की गई। पूछताछ में पता चला कि बरामद वैगनआर कार बड़ौत के ही रॉकी से खरीदी गई थी।