अलवर : 4 महीने से गायब 13 साल के बच्चे का कंकाल मिलने से सनसनी, कैबिनेट मंत्री ने लगाई अफसरों को लताड़

अलवर ने तब सनसनी मच गई जब 4 महीने से गायब 13 साल के बच्चे का कंकाल मिला। गांव की महिलाएं पहाड़ में घास काटने गई थी। महिलाओं को कंकाल दिखा। पास में ही पायजामा पड़ा था। इससे उनको संदेह हुआ तो गांव के लोगों ने बताया। जहां कंकाल मिला, वहां से हाथ-पैर की हड्डियां, कपड़े और चप्पल भी मिली है। गांव के सरपंच ने बताया कि किशोर का पता लगाने के लिए बहुत प्रयास किए गए। किसी को शक हुआ कि किशोर कुएं में पड़ा हो सकता है तो पूरा पानी बाहर निकलवाया। कई जगह उसे तलाशा गया, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।

किशोर की पहचान गिरिराज पुत्र रामनिवास के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि रामनिवास के घर के पास कुछ लोग अवैध खनन करते हैं। ब्लास्ट से पत्थर के टुकड़े दूर तक जाते थे। बताया जा रहा है कि रामनिवास कई बार अवैध ब्लास्टिंग की शिकायत कर चुका था। गांव वाले इसी को उसके बेटे की मौत का कारण मान रहे हैं। अंदेशा है कि किशोर की मौत होने पर उसे पहाड़ पर फेंक दिया गया किशोर की खोपड़ी भी फटी हुई है। ऐसा लगता है ट्रैक्टर के नीचे आया हो।

कैैबिनेट मंत्री शकुंतला रावत ने परिजनों व ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि एक भी धारा कम नहीं लगेगी। ऐसा होता है तो मैं आपके बीच में नहीं आऊंगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि 302 का मुल्जिम होना चाहिए। मुझे और गांव वालों के बीच में आकर यह बताओ कि यह आरोपी था। डिप्टी मृत्युंजय मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित परिवार से बातचीत की गई है। मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।