अजमेर : कोरोना को लेकर व्यापारियों की अच्छी पहल, तीन दिन स्वैच्छिक बंद का किया ऐलान, होगी सिर्फ होम डिलीवरी

राजस्थान में 3 मई से जन अनुशासन पखवाडा शुरू किया गया हैं और सख्ती के साथ इसका पालन करवाया जा रहा हैं। दुकानों को एक नियत समय तक खुलने की इजाजत दी गई हैं। लेकिन इस बीच अजमेर के नला बाजार, मदार गेट, नया बाजार की व्यापारिक एसोसिएशन ने 4 से 6 मई तक स्वैच्छिक बंद रखने का निर्णय किया है। इसमें सिर्फ होम डिलीवरी जारी रहेगी जिसके लिए प्रशासन की ओर से इन दुकानों के डिलीवरी बॉय को आवागमन के लिए पास दिए जाएंगे। नगरा क्षेत्र के दुकानदार भी 5 मई तक प्रतिष्ठान बंद रखेंगे।
अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर गजेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि जिला प्रशासन और शहर के महत्वपूर्ण बाजारों के व्यापारियों के बातचीत हुई। कोरोना संक्रमण के समय में बाजारों में भीड़ को कम करने तथा आमजन की सुरक्षा के लिए व्यापारियों ने स्वेच्छा से बाजार बंद रखने का निर्णय लिया। नला बाजार, मदार गेट, नया बाजार किराणा मार्केट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने यह निर्णय लिया है।सप्ताह के दिनों में बाजार रेड अलर्ट जन अनुशासन पखवाड़े की गाइडलाइन में तय समयसारिणी के अनुसार खोले जाएंगे। राठौड़ ने अन्य सभी व्यापारिक संगठनों व विकास समितियों से आग्रह किया है कि भीड़ को रोकने के लिए स्वतः पहल करें। गौरतलब है कि कल से पांच मई तक केसरगंज व पड़ाव के व्यापारियों ने भी दुकानें नहीं खोलने का निर्णय किया था।