अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) की सामान्य भर्ती परीक्षा (CRE 2024) का परिणाम 21 मार्च को घोषित किया गया, जिसमें राजस्थान की बेटी शर्मिला चौधरी ने पूरे देश में पहला स्थान (AIR-1) हासिल किया। उनकी इस शानदार उपलब्धि की सराहना राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री और लूणी विधायक जोगाराम पटेल ने भी की।
'परिवार और क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण'भाजपा मंत्री जोगाराम पटेल ने सोशल मीडिया पर लिखा, लूणी विधानसभा के केरू गांव स्थित शिव सारणों की ढाणी की निवासी शर्मिला चौधरी ने अपनी अद्भुत मेधा और कठिन परिश्रम से AIIMS CRE 2024 में अखिल भारतीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर एक नई मिसाल कायम की है। उनकी यह सफलता न केवल उनके परिवार और क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण है, बल्कि यह समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति से सफलता पाने की प्रेरणा भी देती है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर शर्मिला को हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं!
नेवी के रिटायर्ड अफसर हैं पिता, परिवार का नाम किया रोशनशर्मिला चौधरी के पिता, दुर्गाराम सारण, भारतीय नौसेना के सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। AIIMS CRE 2024 परीक्षा का आयोजन 26 से 28 फरवरी के बीच हुआ था, जिसमें शर्मिला ने 400 में से 270 अंक प्राप्त किए। उन्होंने बताया कि परीक्षा अच्छे से देने के बाद उन्हें उच्च रैंक की उम्मीद थी, लेकिन पूरे देश में टॉप रैंक हासिल करना उनके लिए किसी सपने के साकार होने जैसा है। अपनी इस सफलता का श्रेय उन्होंने अपने माता-पिता और परिजनों के मार्गदर्शन व प्रेरणा को दिया।
पुनाराम चौधरी ने दी शुभकामनाएंभाजपा के पूर्व जोधपुर जिला प्रमुख पुनाराम चौधरी ने भी शर्मिला की सफलता पर बधाई दी। उन्होंने कहा, केरू के शिव सारणों की ढाणी की बेटी शर्मिला चौधरी ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) की CRE परीक्षा 2024 में पूरे भारत में प्रथम स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी यह उपलब्धि सराहनीय है, और मैं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं।