कोरोना का प्रकोप और यस बैंक का संकट शेयर बाजार पर हावी, सेंसेक्स 1450 अंक टूटा

कोरोना संकट पूरी दुनिया को चिंता में डाले हुए है इसका असर अंतराष्ट्रीय बाजार के साथ एशियाई बाजार को भी कमजोर कर रहा है। शुक्रवार को शेयर बाजार में भारी गिरावट आई है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स सुबह 857 अंकों की गिरावट के साथ 37,613.96 पर खुला। थोड़ी ही देर में सेंसेक्स 1450 अंक तक टूट गया। यस बैंक के शेयर 25 फीसदी तक टूटकर 27.65 रुपये पर चले गए। शेयर बाजार पर यश बैंक पर रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया द्वारा की गई कार्रवाई का भी असर देखने को मिला। सबसे ज्यादा गिरावट यस बैंक के शेयरों में दर्ज की गई जो खबर लिखे जाने तक 25% टूट गए। गौरतलब है कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने यस बैंक पर सख्ती बरतते हुए इससे निकासी की सीमा 50 हजार रुपये निकासी की सीमा तय की है। आरबीआई का ये आदेश अगले एक महीने के लिए है। एनएसई ने यस बैंक के फ्यूचर और ऑप्शन सौदों पर रोक लगा दी है।
वहीं रुपये की शुरुआत भी आज भारी कमजोरी के साथ हुई और यह डॉलर के मुकाबले 62 पैसा कमजोर होकर 73.94 के स्तर पर खुला। यानि एक डॉलर की कीमत 73.94 रुपये दर्ज की गई।मिड और स्मॉलकैप शेयरों में भी भारी बिकवाली नजर आ रही है। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 1.89% और स्मॉलकैप इंडेक्स 1.07% की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है। तेल-गैस शेयरों में भी आज कमजोरी नजर आ रही है। बीएसई का ऑयल एंड गैस इंडेक्स 3.2% की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहा है। कोरोना संकट बढ़ने से कल के कारोबार में US मार्केट 3% से ज्यादा फिसल कर बंद हुए। कल DOW में 970 अंकों की भारी गिरावट देखने को मिली। S&P 500 और Nasdaq भी 3% से ज्यादा गिरे हैं। कोरोना संकट बढ़ने से US मार्केट दबाव में दिख रहे हैं। US में 10 साल की बॉन्ड यील्ड रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गई है।