Russia Ukraine War : इस तारीख तक खत्म हो जाएगी रूस-यूक्रेन के बीच जंग!

रूस-यूक्रेन जंग का आज 30वां दिन है। इस जंग में यूक्रेन के कई शहर तबाह हो चुके हैं। लाखों लोगों ने बेघर हो गए है। ऐसे में सबके मन में एक ही सवाल उठ रहा है कि आखिर जंग कब खत्म होगी? इन सबके बीच यूक्रेन के सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ ने खुफिया जानकारी दी है। इसके मुताबिक, रूस 9 मई तक जंग समाप्त कर सकता है।

KyivIndependent ने ट्वीट किया कि यूक्रेन के सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ की खुफिया जानकारी के अनुसार, रूसी सैनिकों को बताया जा रहा है कि युद्ध 9 मई तक समाप्त हो जाना चाहिए। वहीं, यूक्रेन की लोकपाल ल्यूडमिला डेनिसोवा ने दावा किया कि रूस 84,000 बच्चों सहित 4,02,000 यूक्रेनियों को उनकी मर्जी के खिलाफ अपने देश ले गया है।

इधर, यूक्रेनी राष्‍ट्रपति के चीफ ऑफ स्‍टाफ के सलाहकार ओलेक्‍सी एरेस्‍टोविच का बयान और भी चौंकाने वाला है। उनका कहना है फिलहाल अभी युद्ध के रुकने की उम्‍मीद नहीं है। यह जंग मई तक खत्‍म हो सकती है।

जंग में पहली बार NATO की एंट्री

इससे पहले गुरुवार को अमेरिका राष्ट्रपति जो बाइडेन ने ब्रुसेल्स में नाटो समिट को संबोधित करते हुए कहा कि अगर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने यूक्रेन के खिलाफ जंग में केमिकल वेपन का इस्तेमाल किया तो नाटो जवाब देगा। रूस जिस तरह के हथियारों का इस्तेमाल करेगा, नाटो उसी तरह के हथियारों से उसे जवाब देगा। इसके साथ ही समिट के बाद बाइडेन ने मीडिया से कहा कि हमने चीन को साफ तौर पर चेताया है कि अगर उसने रूस को मदद दी तो इसके गंभीर आर्थिक परिणाम भुगतने होंगे। हमने उन्हें कोई धमकी तो नहीं दी है, लेकिन चीनी राष्ट्रपति रूस की मदद के परिणाम अच्छे से जानते हैं।

बाइडेन ने कहा कि नाटो कभी भी इतना अधिक एकजुट नहीं हुआ है, जितना आज है। यूक्रेन पर हमले के बाद पुतिन को उनके इरादे के बिल्कुल उलट परिणाम मिल रहे हैं। अमेरिका एक लाख यूक्रेनी रिफ्यूजी का स्वागत करने के लिए तैयार है।