Russia-Ukraine War: रूस ने डोनेट्स्क के पास रेल्वे स्टेशन पर दागी क्रूज मिसाइल, 30 की मौत, 100 से ज्यादा घायल

रूस और यूक्रेन के बीच चल रहा भीषण युद्ध 43 दिन से जारी है। इस बीच रूस ने पूर्वी यूक्रेन के एक रेल्वे स्टेशन पर क्रूज मिसाइल से हमला किया है। इस हमले में तीस लोगों की मौत का दावा है और 100 से ज्यादा घायल बताए जा रहे हैं। इस रेल्वे स्टेशन से जंग में फंसे लोगों को बाहर निकाला जा रहा था। हमला डोनेट्स्क में क्रामटोरस्क में हुआ है। वहीं, रूस ने कहा कि उसकी सेना ने ओडेसा में एक मिलिट्री ट्रेनिंग सेंटर तबाह कर दिया है।

अब जानकारी के लिए बता दें कि Donetsk में कई यूक्रेन के नागरिक फंसे हुए हैं जिन्हें लगातार यूक्रेन की सेना निकालने का काम कर रही है। बस सेवा से लेकर दूसरे माध्यमों के जरिए उन्हें बाहर निकाला जा रहा है। लेकिन आज जब फिर वहीं रेस्क्यू चल रहा था, एक रूसी मिसाइल ने सबकुछ तबाह कर दिया। अभी तक 30 लोगों की मौत की बात कही जा रही है। लेकिन यूक्रेन के मुताबिक ये आंकड़ा बढ़ सकता है। इस हमले के बाद यूक्रेन की तरफ से आरोप लगाया जा रहा है कि रूस ने फिर आम नागरिकों को अपना निशाना बनाया है।

इधर, यूक्रेनी मीडिया ने दावा करते हुए कहा है कि यूक्रेन का सूमी इलाका पूरी तरह से रूसी सैनिकों के कब्जे से मुक्त हो गया है। सूमी के गवर्नर ने दावा किया है कि रूसी सैनिक सूमी क्षेत्र को छोड़कर जा चुके हैं और वहां अब यूक्रेन की सेना कब्जा जमा चुकी है। वहीं, रूस ने पहली बार जंग में हुए अपने सैन्य नुकसान को स्वीकारा है। रूसी सेना के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा- इस युद्ध में काफी रूसी सैनिकों को जान गंवानी पड़ी है। इस दौरान दिमित्री ने मारे गए सैनिकों की संख्या नहीं बताई। इसके पहले रूस ने सिर्फ 1,351 सैनिकों के मारे जाने की पुष्टि की थी।