उदयपुर : साल के इतिहास में पहली बार 300 पार हुए रोगी, 367 नए मरीज के साथ काेरोना ब्लास्ट

कोरोना काल के एक साल के इतिहास में लेकसिटी उदयपुर में काेरोना ब्लास्ट हुआ और पहली बार 300 पार रोगी सामने आए। मंगलवार को रिकॉर्ड 367 नए संक्रमित मिले जबकि दो की मौत हो गई। बढ़ते संक्रमण के साथ बंदिशें भी बढ़ती जा रही हैं। कलेक्टर चेतन देवड़ा ने बुधवार से नगरीय सीमा में नाइट कर्फ्यू रात नाै से सुबह छह बजे तक बढ़ाने के आदेश दिए। कोरोना के बढ़ते प्रभाव के आगे नाइट कर्फ्यू की अविधि पिछले 16 दिनों के भीतर 6 घंटे से बढ़कर 9 घंटे तक जा पहुंची है।

गत 23 मार्च को नाइट कर्फ्यू की समयावधि रात 11 से सुबह 5 बजे तक थी, जिसे 31 मार्च को बढ़ाकर रात 10 से सुबह 5 बजे तक कर दिया गया। अब रात 9 से सुबह 6 बजे तक कर दिया गया। कलेक्टर कहा कि बाजार रात आठ बजे ही बंद करा दिया जाएंगे ताकि 9 बजे तक लोग अपने घर पहुंच सकें। उन्होंने बताया कि बढ़ते संक्रमण को देखते हुए 12 हॉस्पिटलों में 6981 बेड रिजर्व करा दिए हैं। अभी संभाग के 514 राेगी भर्ती हैं, जिसमें से 57 वेंटिलेटर और 164 ऑक्सीजन पर भर्ती हैं।

एक दिन पहले साेमवार काे 198 मरीज मिले थे। यानी 24 घंटे में इतनी बड़ी संख्या में मरीज दोगुना हाे गए। इसके साथ ही कोरोना के एक्टिव केस 188 बढ़कर रिकॉर्ड 1490 हो गए। इनमें से 1138 मरीज होम आइसोलेट हैं और 352 कोविड हॉस्पिटलों में भर्ती हैं। वहीं, ईएसआईसी में भर्ती गोकुल विलेज निवासी 55 वर्षीय महिला और हाथीपोल निवासी 65 वर्षीय पुरुष की मौत हो गई। अब तक उदयपुर में 226 संक्रमितों की मौत हो चुकी है।