राजस्थान बोर्ड / 12वीं कॉमर्स का रिजल्ट जारी, 94.49% परिणाम रहा; लड़कियों ने मारी बाजी

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने सोमवार को 12वीं कॉमर्स के परिणाम घोषित कर दिए है। पिछले साल की तुलना में इस साल करीब 3% परिणाम अधिक रहा। कुल 94.49% परिणाम रहा। कुल 36068 विद्यार्थियों में से 34079 विद्यार्थी उत्तीर्ण घोषित किए गए हैं। 1146 विद्यार्थी सप्लीमेंट्री रहे हैं। लड़कियों ने परिणाम में बाजी मारी। लड़कियों का परिणाम 96.94% रहा, जबकि लड़कों का परिणाम 93.18% रहा। बोर्ड के केंद्रीय कॉन्फ्रेंस हॉल में बोर्ड अध्यक्ष डॉ. डीपी जारोली ने परिणाम घोषित किया।

12वीं कॉमर्स के लिए साल कुल 36549 विद्यार्थियों ने फॉर्म भरे। इनमें 23934 लड़के और 12615 लड़कियां थीं। बोर्ड आंकड़ों के अनुसार परीक्षा में कुल 36068 बच्चे बैठे। जिसमें 23548 लड़के और 12520 लड़कियां बैठी थीं। कुल 34079 बच्चों को पास घोषित किया गया। इनमें 21942 लड़के और 12137 लड़कियां हैं।
लड़कियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 96.94% है जबकि लड़कों का 93.18% परिणाम रहा। जारोली ने बताया कि पिछले साल 91.46% परिणाम रहा था। इस बार उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों का 94.49% है। इस हिसाब से करीब 3% परिणाम इस बार अधिक रहा है।
कुल 21049 बच्चे प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुए तथा 11631 द्वितीय श्रेणी से उत्तीर्ण हुए। 1315 बच्चे तृतीय श्रेणी से उत्तीर्ण हुए। 94 बच्चे उत्तीर्ण रहे और 1146 बच्चे सप्लीमेंट्री घोषित किए गए हैं। बोर्ड द्वारा शेष परीक्षाओं का आयोजन 18 से 30 दिन तक किया गया। प्रदेश के 6000 से अधिक परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा आयोजित की गईं।