बीकानेर से रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया में पहुंचे सौ-सौ के 24 नकली नोट, थाने में FIR दर्ज

कई गिरोह सक्रिय हैं जो नकली नोट को चलाने का प्रयास करते हैं। इसी में बीकानेर से रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया में सौ-सौ के 24 नकली नोट जिसका खुलासा तब हुआ जब RBI जयपुर में बीकानेर की मुद्रा तिजोरी को खोला गया। इस मामले में RBI ने जयपुर के गांधी नगर थाने में FIR दर्ज करा दी थी। अब यह प्राथमिकी बीकानेर ट्रांसफर हो गई है। इस पर मंगलवार को कोटगेट थाने में यह FIR पहुंच गई। अब इस मामले की जांच सदर थाने के उप निरीक्षक शंकरलाल को दी गई है। यह पहली बार है जब बीकानेर से गई तिजोरी में नकली नोट मिले हैं।

बीकानेर से जाने वाले नोट को एक तिजोरी में रखा जाता है। इसी तिजोरी से जब नोट निकाले गए तो कुछ नोट पर संदेह हुआ। इस पर सभी नोटों की जांच की गई। इसमें 24 नोट नकली निकले। इस पर RBI ने प्राथमिकी दर्ज करा दी है। अब यह पता लगाया जाएगा कि बीकानेर से मिले नोट में नकली नोट कहां से आए। बीकानेर पुलिस अधीक्षक प्रीति चंद्रा को जब इस बारे में पता चला तो उन्होंने गांधी नगर पुलिस थाने को पत्र लिखकर FIR बीकानेर स्थानान्तरित करने के निर्देश दिए।

कोटगेट पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू की है। यह राशि विभिन्न बैंकों से एकत्र होती है और वहां से एक साथ RBI भेजी जाती है। RBI को संदेह है कि एक संगठित गिरोह नकली नोट बनाकर बैंकों तक पहुंचा देते हैं। इसके बाद यही नोट असली नोट के बंडल में मिला दिए जाते हैं। किस बैंक में यह नोट पहुंचे हैं, इस बारे में अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।