लालू यादव पर मंडराने लगा कोरोना का खतरा, सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी निकला संक्रमित

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव पर कोरोना का खतरा मंडरा रहा है। दरअसल, लालू यादव की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। अब यह सवाल उठता है कि उनमें कोरोना का संक्रमण कैसे आया। जिस पुलिसकर्मी को कोरोना हुआ है वह सुखदेवनगर थाना का जवान है। वह लालू की सुरक्षा में तैनात था। यह भी बताया जा रहा है कि वह छुट्टी लेकर गांव बिहार गया हुआ था। गांव से वापस आने के बाद उसका कोरोना टेस्‍ट किया गया। इसमें वह पॉजिटिव पाया गया। इसके अलावा आज रांची में तीन अन्‍य पुलिसकर्मी भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। ये तीनों रांची के हिंदपीढ़ी थाना में पोस्‍टेड हैं।

चारा घोटाले में सजायाफ्ता लालू प्रसाद अभी अपनी गंभीर बीमारियों का रिम्‍स में इलाज करवा रहे हैं। लालू प्रसाद यादव बिरसा जेल के कैदी हैं। वे रिम्‍स के पेंईंग वार्ड में इलाजरत हैं। रिम्‍स में कोविड वार्ड के पास ही उनका वार्ड है। इससे उन्‍हें संक्रमण का खतरे का डर पहले भी जताया गया था।

बता दें कि इधर, हाल के दिनों में रांची में पुलिस‍कर्मियों में कोरोना का संक्रमण तेजी से फैला है। इसके बाद रांची के विभिन्‍न थानों को सैनिटाइज किया गया था। पांच थानों के पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। लालू प्रसाद पर पहले से ही कोरोना का खतरा मंडरा रहा था। अब उनकी सुरक्षा में तैनात पुलिसवाले के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद खतरा और भी बढ़ गया है।