राजधानी जयपुर (Jaipur) में हो रही मूसलाधार बारिश ने बरसों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। पिकंसिटी में गत करीब 5 घंटों से चल रही मूसलाधार बारिश से शहर में हाहाकार मचा हुआ है। शहर के परकोटे में 2 से 3 फीट तक पानी भर गया है। निचले इलाके में स्थित बस्तियां तो पूरी तरह से जलमग्न हो ही गई हैं, वहीं शहर के पॉश इलाके भी पानी के बहाव की चपेट में हैं। शासन सचिवालय के सामने स्थित सेंट्रल पार्क की दीवार भारी बारिश के कारण ढह गयी है। प्रदेश के सबसे बड़े एसएमएस अस्पताल के कुछ वार्डों में पानी भर जाने की सूचना है। हालांकि अभी तक बारिश का आधिकारिक आंकड़ा सामने नहीं आया है, लेकिन जानकारों का कहना है कि 1981 के बाद शहर में पहली बार इतनी बारिश हुई है।
मौसम विभाग दोपहर करीब ढाई बजे तक फिर भारी बारिश की चेतावनी दी है। वहीं अगले 24 घंटे मरूधरा के लिये बारिश के लिहाज से भारी बताये गये हैं। सुबह 11:30 बजे तक एयरपोर्ट पर 96 एमएम बारिश दर्ज की गई है। सीएमओ लगातार पूरे हालात पर नजर बनाये हुए है।
शहर के ब्रह्मपुरी इलाके पानी इस कदर भरा कि वहां खड़ी सभी कारें पानी में पूरी तरह से डूब गईं। जल महल में अत्यधिक भराव की वजह से वहां की मोरी को खोल दिया गया। इसके चलते पानी जयसिंहपुरा खोर की बस्ती में घुस गया वहां कई मकान जलमग्न हो गए। सीएमओ ने प्रशासन को निर्देश दिये हैं कि जलभराव में फंसे लोगों को प्राथमिकता से निकालें। शहर में बाढ़ जैसे हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने हेल्प लाइन नंबर जारी किये हैं। वहीं एसडीआरएफ ने शहर के अलग-अलग इलाकों में पांच टीमों को तैनात किया है।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्टमौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के कई जिलों में अगले कुछ दिनों में तेज बारिश का दौर जारी रहेगा। अजमेर, भीलवाड़ा और राजसमंद में रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के 3 जिलों में अत्यधिक भारी बरसात का रेड अलर्ट और 23 जिलों में भारी बरसात का ऑरेंज-यलो अलर्ट जारी किया है। पूर्वी राजस्थान में कई जगहों पर भारी से अत्यधिक भारी बरसात हो सकती है और विभाग ने इसे लेकर रेड अलर्ट भी जारी किया है। 14 से 17 अगस्त तक अजमेर, अलवर, बांसवाड़ा, बारां, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़ढ़, दौसा, धौलपुर, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली, कोटा, प्रतापगढ़, राजसमंद, सवाईमाधोपुर, सीकर, सिरोही, टोंक, उदयपुर, चूरू, नागौर, पाली और जालौर में भारी से अति भारी बारिश हो सकती है।