उदयपुर: सामूहिक विवाह समारोह में खाना खाने के बाद 140 लोग बीमार, मचा हड़कंप

उदयपुर के मुखर्जी चौक स्थित ओसवाल भवन में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह के दौरान खाना खाने के बाद 140 से ज्यादा लोग अचानक बीमार पड़ गए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सभी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। यह घटना तैलिक साहू समाज पंच महासभा द्वारा वसंत पंचमी पर आयोजित सामूहिक विवाह समारोह के दौरान हुई। दोपहर में भोजन करने के कुछ घंटे बाद ही लोगों को उल्टी, दस्त और सीने में जलन की शिकायत होने लगी। देर रात तक स्थिति बिगड़ने पर बीमार लोगों को महाराणा भूपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, दोपहर 1 से 3 बजे के बीच भोजन करने वाले अधिकांश लोगों की तबीयत अचानक खराब हुई। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग इस बात की जांच कर रहे हैं कि फूड पॉइजनिंग की वजह क्या थी।
140 से ज्यादा लोग अस्पताल में भर्ती, कई की हालत गंभीर

महाराणा भूपाल अस्पताल के अधीक्षक आर.एल. सुमन ने बताया कि फूड पॉइजनिंग से प्रभावित मरीजों में अधिकतर महिलाएं, कुछ बच्चे और पुरुष शामिल हैं। सभी को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया, जहां तुरंत इलाज शुरू किया गया। डॉक्टरों के अनुसार, गंभीर हालत वाले मरीजों को ICU में शिफ्ट किया गया है, जबकि बाकी को सामान्य वार्ड में रखा गया है। डॉक्टरों की एक विशेष टीम मरीजों की स्थिति पर लगातार नजर रख रही है और उचित उपचार दिया जा रहा है।

बता दें कि सामूहिक विवाह में फूड पॉइजनिंग की खबर सुनते ही बड़ी संख्या में लोग अस्पताल के बाहर जमा हो गए। प्रशासन और सामूहिक भोज के आयोजक भी चिंतित हो गए। लेकिन इलाज के बाद लोगों की तबीयत में सुधार होने पर सभी ने राहत की सांस ली।