उदयपुर में मानवता शर्मसार, 8 साल की बच्ची से उसके ही चाचा ने किया दुष्कर्म

कोरोना संकट के बीच उदयपुर से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां, 8 साल की नाबालिग बच्ची के साथ उसके ही चाचा ने दुष्कर्म किया है। यह मामला जिले के झाड़ोल थाना क्षेत्र का है। शुक्रवार को पीड़िता के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी। जिसके बाद पुलिस ने 12 घंटे के अंदर दुष्कर्म के मुख्य आरोपी समेत 3 युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस में दर्ज शिकायत में पीड़िता के परिजनों ने बताया कि नाबालिग बच्ची कक्षा 5 में पढ़ती है। 4 मई को खेत पर मवेशियों को पानी पिलाने गई थी। इस दौरान उसका चाचा गांव के ही 2 युवकों की मौजूदगी में पीड़िता को जंगल में ले गया और उसके साथ ज्यादती की। इसके बाद उसने पीड़िता को डरा धमकाया और वहां से भाग गया। दोनों युवक भी उसके साथ फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता काफी डर और सहम गई थी। इसके बाद परिजनों ने बच्ची को डरा-सहमा देख उससे पूछताछ की। तब उसने अपने साथ हुई आपबीती का जिक्र किया। जिसके बाद शुक्रवार शाम को पीड़िता के परिजनों ने झाडोल थाने पहुंच तीनों युवकों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

उदयपुर पुलिस अधीक्षक डॉ राजीव ने बताया कि बच्ची के परिजनों ने शुक्रवार शाम झाडोल थाना क्षेत्र में दुष्कर्म की शिकायत दर्ज करवाई थी। इसमें पीड़िता ने दो युवकों की मौजूदगी में अपने दूर के चाचा पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। इसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर हिरासत में ले लिया है। एसपी डॉ। राजीव ने बताया कि शुरुआती जांच में मुख्य आरोपी ने दुष्कर्म की वारदात को कबूल किया है।