सीकर: पहले पेड़ फिर दीवार से टकराई गाड़ी, 1 युवक की मौत, पांच घायल

सीकर के उद्योग नगर इलाके में बीती रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। घायलों में से एक को गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया है। उद्योग नगर पुलिस के मुताबिक, हादसा सांवली रोड पर जलदाय विभाग के ऑफिस के पास हुआ। ASI रंगलाल मीणा ने बताया कि गाड़ी ब्रेकर के पास अनियंत्रित हो गई और पहले सड़क किनारे लगे पेड़ से टकराई, फिर दीवार से जा भिड़ी।
युवक की मौत, एक गंभीर घायल

घटना में रौनक उर्फ लाला (निवासी सुभाष चौक) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विकास शर्मा (निवासी तिलक नगर) को गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया। अन्य घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ASI के अनुसार, कार में कुल 6 लोग सवार थे। सुमित वर्मा, अजय गोदारा, सोनू उर्फ अजय पाराशर, शेरसिंह भी गाड़ी में थे। शेरसिंह गाड़ी चला रहा था, जो दुर्घटना के बाद सोनू उर्फ अजय पाराशर के साथ बजरंग कांटा स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचा। इलाज कराने के बाद दोनों वहां से फरार हो गए।