राजस्थान: 2 से 4 फरवरी को सक्रिय होगा मजबूत पश्चिमी विक्षोभ, जयपुर समेत इन जिलों में बारिश का अलर्ट

राजस्थान में पश्चिमी हवा के प्रभाव के कारण दिन में सर्दी में काफी कमी आई है। बाड़मेर और उदयपुर के बाद, गुरुवार को जयपुर में भी अधिकतम तापमान पिछले 5 वर्षों में सबसे ज्यादा 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यह तापमान 2020 से 2024 तक जनवरी महीने में सबसे ऊँचा है।

जयपुर मौसम केंद्र ने बताया कि 2 फरवरी तक राजस्थान में मौसम साफ रहने और तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव होने की संभावना है। वहीं, 3 फरवरी को राजस्थान में एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना जताई गई है, जिसके असर से 3 और 4 फरवरी को राजस्थान के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।

पिछले 24 घंटों में राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहा और तेज धूप रही। दौसा, करौली, फतेहपुर, जालोर, नागौर, जोधपुर, बाड़मेर जैसे शहरों में दिन का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज हुआ। गुरुवार को डूंगरपुर जिले में सबसे अधिक तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

राजधानी जयपुर में दिन में गर्मी महसूस की गई, लेकिन शाम होते-होते हल्की ठंडी हवा चली। जयपुर में न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

मुख्य जिलों का न्यूनतम तापमान ये रहा


मौसम विभाग की फोरकास्ट रिपोर्ट के अनुसार बुधवार को सीकर में 10.5 डिग्री, कोटा में 12.3 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 9.1 डिग्री, बाड़मेर में 13.4 डिग्री, जैसलमेर में 10 डिग्री, जोधपुर में 10.2 डिग्री, बीकानेर में 8.8 डिग्री, चूरू में 11.2 डिग्री और श्री गंगानगर में 10.0 डिग्री और माउंट आबू में 8.4 सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
पश्चिमी राजस्थान में दिन का तापमान गिरा

राजस्थान के सरहदी जिलों में गुरुवार को दिन के तापमान में गिरावट हुई। यहां दिन में हवा चलने से तापमान गिरा। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 30.6, जैसलमेर में 24.6, जोधपुर में 29.2, फलोदी में 27.2, बीकानेर में 25, चूरू में 27, श्रीगंगानगर में 22.4, चित्तौड़गढ़ में 30.7, उदयपुर में 29.9, जयपुर में 28, पिलानी में 28, अजमेर में 28.1 और भीलवाड़ा में 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।