बीते दिनों जोधपुर के एक ASI द्वारा रिश्वत का मामला सामने आया था जिसने पुलिस डिपार्टमेंट की पोल खोल दी थी। वो मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ कि जयपुर एसीबी की टीम द्वारा अजमेर के रूपनगढ़ में कारवाई करते हुए 40 हजार रूपए की रिश्वत के मामले में एक और ASI को गिरफ्तार किया हैं। नागौर और चूरू जिले के दो परिवादी की शिकायत के बाद कार्रवाई को अंजाम दिया गया। जिसमें आरोपियों द्वारा एक मामले में परिवादी को गिरफ्तार का भय दिखाकर रिश्वत की मांग की जा रही थी। ASI (सहायक उप निरीक्षक) घासीराम 40 हजार की रिश्वत लेते ट्रैप किया गया। SI (उप निरीक्षक) थानाधिकारी सियाराम विश्नोई फरार हो गया।
शिकायतकर्ता ने एसीबी ऑफिस पहुंचकर बताया था कि उसके खिलाफ रूपनगढ़ में कुछ मामले दर्ज हैं। इन मुकदमों में गिरफ्तारी का भय दिखाकर, उसी दिन न्यायालय में पेश कर जमानत करवाने और दो पेंडिंग मुकदमों में शीघ्र चालान पेश कर फायदा दिलवाने के लिए 50 हजार की रिश्वत की मांग की जा रही है। इसमें सहायक उप निरीक्षक घासीराम और उप निरीक्षक सियाराम विश्नोई द्वारा रिश्वत मांगने का आरोप लगाया गया।मामले की जानकारी मिलने के बाद एसीबी द्वारा मामला का सत्यापन करवाया गया। जिसमें 40 हजार रिश्वत की राशि तय की गई। जिसके बाद सोमवार को ट्रैप की कार्रवाई को अंजाम दिया गया। इस दौरान आरोपी घासीराम द्वारा रिश्वत की राशि 40 हजार रुपए प्राप्त की गई। साथ ही उप निरीक्षक सियाराम विश्वनोई की भी रिश्वत की राशि लेने में संलिप्तता पाई गई। जो थाने से फरार हो गया। फिलहाल मौके पर कार्रवाई जारी है। इसमें आरोपियों से जुड़े दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही उप निरीक्षक थानाधिकारी सियाराम विश्वनोई की भी तलाश की जा रही है।