राजस्थान: 81 वर्षीय बुजुर्ग की निःशुल्क हुई बाइपास सर्जरी, परिवार ने मुख्यमंत्री एवं चिरंजीवी बीमा योजना का जताया आभार

जयपुर, 16 नवंबर। खुशियां बाई के जीवन में खुशियां आई है। जिला श्रीगंगानागर में हनुमानगढ़ रोड पर टांटिया यूनिवर्सिटी परिसर में स्थित डॉ. एस. एस. टांटिया मेडिकल कॉलेज, हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर (जन सेवा हॉस्पिटल) में पीलीबंगा तहसील के अमरपुरा ढाणी की 81 वर्षीय बुजुर्ग महिला की वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. राजीव वशिष्ठ ने बाइपास सर्जरी सफलता से की है। हॉस्पिटल के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी बलजीत सिंह कुलड़िया ने बताया कि मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में पात्र होने के कारण इस रोगी का उपचार निःशुल्क हुआ है। इस सफल बाइपास सर्जरी से यह भी संदेश प्रचारित हुआ है कि उम्र के किसी भी पड़ाव पर रोग हो उसका उपचार कर फिर से स्वस्थ जीवन जिया जा सकता है।

खुशियां बाई के तीन पुत्र एवं दो पुत्रियां है, परिवार खेतीहर मजदूर है। दिल संबंधी परेशानी के कारण वह खुशियां बाई स्वयं और पूरा परिवार काफी दिनों से दिक्कत में था। इस भारी समस्या के कारण जीवन अंधकारमय लग रहा था। यह डर सता रहा था कि ऑपरेशन होगा या नहीं, हुआ तो सफल होगा या नहीं तथा इसके लिए खर्चा कैसे जुट पाएगा। लेकिन जन सेवा हॉस्पिटल में आने के बाद उनकी सारी समस्याओं का समाधान हो गया। खुशियां बाई के तीन नाडिय़ों में ब्लॉकेज था, जिसका डॉ. राजीव वशिष्ठ ने उपचार कर ब्लॉकेज ठीक कर दिया है और खुशिया बाई की बाइपास सर्जरी सफल हो गई।

हमारे लिए भगवान समान

खुशियां बाई के पौत्र गुरदीप सिंह एवं पौत्री किरण अपनी दादी के सफल उपचार से गद्द है। दोनों ने भावुक होते हुए कहा कि डॉ. राजीव वशिष्ठ हमारे लिए भगवान समान है, इन्होंने मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के लिए मुख्यमंत्री का भी आभार जताया। जन सेवा हॉस्पिटल की टीम की प्रशंसा करते हुए इन्होंने कहा कि यह विश्वस्तरीय अत्याधुनिक व्यवस्थाओं वाला अस्पताल है तथा यहाँ सभी समर्पित भाव और मनोयोग से सेवा करते हैं। इसके लिए राज्य सरकार का तहे दिल से धन्यवाद जो आम आदमी के साथ तत्परता के साथ खड़ी है।