जयपुर: गुटखा खाने से टोका तो चाचा ने भतीजी को कुएं में फेंका, मौत

राजस्थान की राजधानी जयपुर में गुटखा खाने से टोकने पर चाचा ने 3 साल की भतीजी को कुएं में फेंक दिया। दरअसल, आरोपी खुद गुटखा खा रहा था और भतीजी को भी खिलाने की कोशिश कर रहा था। मासूम के पिता ने देखा तो छोटे भाई को टोक दिया। जिससे आहत होकर उसने भतीजी की हत्या कर दी।​​​ पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मामला जयपुर जिले के कोटखावदा इलाके के रामनगर गांव का है। 20 साल का विकास दो दिन पहले गुटखा खा रहा था। उसके पास भतीजी इशिका बैठी थी। युवक ने भतीजी को भी गुटखा खिलाने की कोशिश की। इशिका के पिता गोविंदराम ने देख लिया। उसने भाई को डांटा और टोका। भाई का टोकना उसे इतना बुरा लगा कि उसने बदला लेने की ठान ली।

शुक्रवार शाम को भतीजी कमरे में सो रही थी। मौका पाकर वह कमरे में गया और इशिका को उठाकर ले गया। उसने मकान से 100 मीटर दूर कुएं में इशिका को फेंक दिया। फिर घर आकर सो गया। घरवालों को मासूम नजर नहीं आई तो वे उसे ढूंढने लगे। रातभर वे बच्ची को ढूंढते रहे, लेकिन पता नहीं चला।

शनिवार सुबह लोगों ने कुएं में देखा तो मासूम का शव नजर आया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला। चाकसू राजकीय हॉस्पिटल में पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी विकास को गिरफ्तार कर लिया है। लोगों ने बताया कि विकास 10वीं कक्षा में पढ़ता है।