जयपुर / घर की छत पर एलियन, जानें क्या हैं इस खबर की सच्चाई

जयपुर शहर के परकोटा क्षेत्र में नेहरु बाजार में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक मकान की छत पर एलियन मिलने की खबर सामने आई। एलियन देखने को उत्सुक लोगों की भीड़ रेडियो मार्केट में उस मकान के बाहर इकट्ठा हो गई। जिसकी छत पर एलियन मिलने का दावा किया जा रहा था। जानकारी के अनुसार परकोटे के नेहरु बाजार में रेडियो मार्केट है। यहां एक मकान में शकील अपने परिवार के साथ रहते है। दोपहर को उनके परिवार की एक बच्ची अपनी छत पर गई थी। जहां उसे खून से लथपथ अजीब सी आकृति का जीव नजर आया। यह देखकर उसने परिवार को सूचना दी। परिवार भी जीव को समझ नहीं सका। बताया जा रहा है कि उन्होंने उस जीव में हरकत होते देखी थी, जो कि कुछ देर में बंद हो गई। मतलब उसकी मौत हो गई। इस बीच कुछ स्थानीय लोग भी मकान की छत पर पहुंचे। लोगों ने दावा किया कि इंसानी शरीर सा दिखने वाला यह जीव यह एलियन है, जो कि बाहरी दुनियां से यहां के वायुमंडल के संपर्क में आने पर मर गया।

सूचना मिलने पर कोतवाली थानाप्रभारी यशवंत सिंह व अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। इसके बाद एक्सपर्ट्स को बुलाया गया। तब सामने आया कि जिसे एलियन समझा रहा था। वह एलियन नहीं, बल्कि किसी बंदर का अविकसित भ्रूण था। जिसे संभवतया कोई बाज उठाकर ले आया और मकान की छत पर गिरा दिया। इसके बाद एलियन मिलने की अफवाह पर विराम लगा।