जयपुर पुलिस आयुक्तालय ने गुरुवार को औचक जांच के दौरान अवैध तरीके से बजरी खनन करने वालों के साथ साठगांठ के आरोप में 16 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। निलंबित पुलिसकर्मियों में दो सहायक उप निरीक्षकों, दो हेड कांस्टेबल शामिल है। अवैध तरीके से बजरी की ढुलाई की सूचना पर जयपुर पुलिस आयुक्तालय के विभिन्न दलों ने बुधवार रात को अजमेर रोड, आगरा रोड, और टोंक रोड पर औचक जांच की। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अजय पाल लाम्बा ने एक बयान मे बताया कि अजमेर रोड एवं आगरा रोड पर निगरानी के दौरान अवैध गतिविधियों का पता नहीं चला। जबकि, जयपुर के टोंक रोड पर शिवदासपुरा एवं चाकसू थाना क्षेत्रों में रात्रि गश्त के दौरान औचक जांच में ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों की बजरी परिवहन में शामिल व्यक्तियों के साथ संलिप्तता का पता चला। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस गश्ती गाडियों, मोबाइल गाडियों से निगरानी रखी गई।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान 16 पुलिसकर्मियों को बजरी परिवहन में शामिल व्यक्तियों के साथ साठगांठ के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनके विरूद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है। इसके साथ ही पुलिस मुख्यालय का प्रदेशभर में डिकॉय ऑपरेशन चलाया गया। जिसके अंतर्गत सतर्कता शाखा की टीमों ने कई थानों में यह ऑपरेशन चलाया। जिसमें कई थानों में परिवादी के साथ व्यवहार संतोषप्रद नहीं मिला।