पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में बुधवार को बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों तक अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि, 2 से 4 फरवरी के बीच एक नया मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे उदयपुर, कोटा, अजमेर, जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश हो सकती है।
तापमान में बढ़ोतरी, फिर होगी गिरावटमौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बीते 48 घंटों में कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के कारण तापमान में हल्की वृद्धि हुई, लेकिन आगामी बारिश के चलते फिर से ठंड बढ़ने की संभावना है।
आज हल्की बूंदाबांदी के आसारमौसम विभाग द्वारा सुबह 7:15 बजे जारी अलर्ट के अनुसार, जयपुर, दौसा, भरतपुर, टोंक, सवाई माधोपुर, बूंदी, बारां और कोटा जिलों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि, इस बारिश से तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।
पहाड़ों में सामान्य से कम बर्फबारीकश्मीर में इस मौसम में अब तक सामान्य से कम बारिश और बर्फबारी दर्ज की गई है। सर्दियों में कम बर्फबारी का सीधा असर गर्मियों के दौरान नदियों, झरनों, तालाबों और कुओं के जल स्तर पर पड़ सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार: - 29 जनवरी दोपहर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
- आज रात ऊंचाई वाले कुछ इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है।
- 29 जनवरी की रात से 30 जनवरी सुबह तक छिटपुट स्थानों पर बारिश/बर्फबारी के आसार हैं।
- 31 जनवरी को कुछ इलाकों में हल्की बर्फबारी देखने को मिल सकती है।
- 1 और 2 फरवरी को आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर हल्की बारिश/बर्फबारी हो सकती है।