मुख्यमंत्री निवास पर रविवार को आयोजित होली मिलन समारोह में राजस्थान भर से बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता एकत्र हुए, जिससे प्रदेश में संगठन की एकजुटता का सशक्त संदेश गया।
समारोह में मंच के सामने ढप और चंग की मंडली ने होली के रसिया गीतों से माहौल को संगीतमय बना दिया, जबकि प्रसिद्ध लोकगायक प्रकाश माली ने अपनी मधुर प्रस्तुति से रंग जमा दिया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उन्हें होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ‘राधे-राधे’ कहते हुए चंदन का टीका लगाया। इस आयोजन में मंडल अध्यक्षों, जिला अध्यक्षों, प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों, संभाग व जिला प्रभारियों सहित हजारों कार्यकर्ताओं की भागीदारी ने इसे ऐतिहासिक बना दिया।
संगठन की एकजुटता का संदेशमुख्यमंत्री निवास पर जुटे भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए एकजुटता बनाए रखने का संकल्प लिया। पार्टी पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि राजस्थान भाजपा अब और संगठित होकर आगे बढ़ेगी।
होली मिलन समारोह में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल हुए। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया, अरुण चतुर्वेदी, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौर, सांसद राजेंद्र गहलोत, सुरेंद्र पाल सिंह टीटी (गंगानगर), मंत्री सुरेश रावत, सीआर चौधरी, मुकेश दाधीच, श्रवण बगड़ी, अजित मांडण, लक्ष्मीकांत भारद्वाज, जयपुर जिलाध्यक्ष अमित गोयल, भूपेंद्र सैनी, रेवंतराम डागा, राजसमंद अध्यक्ष जगदीश पालीवाल, अशोक परनामी, घनश्याम तिवाड़ी, जयबीर बिहानी, लादूलाल पितलिया सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
संगठन की मजबूती और विकास पर चर्चासमारोह के दौरान उदयपुर के गजपाल सिंह सहित कई कार्यकर्ताओं और नेताओं ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को होली की शुभकामनाएं दीं और प्रदेश में विकास व संगठन की मजबूती के लिए शुभेच्छा प्रकट की। यह होली मिलन समारोह न सिर्फ रंगों और उल्लास से सराबोर रहा, बल्कि पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच एकता और संगठनात्मक मजबूती का भी प्रतीक बना।