अलवर / पुलिस ने पकड़ा अनोखा चोर, डेढ़ साल पहले 50 किलो बाल चुराकर हुआ था फरार

अलवर के शिवाजी पार्क थाना पुलिस (Shivaji Park Police Station) ने महिलाओं के सिर के बाल चोरी करने के मामले का खुलासा किया है। पकड़ा गया चोर करीब डेढ़ साल से फरार चल रहा था। चुराये गये बालों की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने उससे कुछ बाल बरामद कर लिये हैं। उससे पूछताछ की जा रही है।
व्यापारी बनकर फोन किया था

थानाप्रभारी राजेश वर्मा ने बताया कि गत वर्ष 3 फरवरी को बड़ौद गांव निवासी ओमप्रकाश ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह सिर के टूटे बालों का काम करता है। वह बाल खरीद कर बदले में सामान देता है। ओमप्रकाश ने बताया के उसके पास एक व्यक्ति ने व्यापारी बनकर फोन किया और बाल खरीदने की बात कही। उसने फोन पर कहा कि वह एक मुश्त काफी बाल खरीदेगा। इस ओमप्रकाश ने उसे बुला लिया। बाद में उसने यहां आकर बालों को तुलवा लिया। बालों का वजन करीब 50 किलो था। लेकिन वह व्यक्ति पैसे कम होने का बहाना बनाने लगा। बाद में नजरें बचाकर वहां से 50 किलो बाल लेकर फरार हो गया।हरियाणा का रहने वाला है शातिर चोर

शातिर चोर ने ओमप्रकाश को अपना नाम सोनू बताया था। लेकिन जिस नंबर से ओम प्रकाश के पास फोन आया था उसने उन नंबर की कॉल डिटेल निकलवाई। तब सामने आया कि वह सिम तो नीरज पुत्र बच्चू सिंह खटीक निवासी पुनहाना हरियाणा के नाम से जारी है। इस पर उसने पुलिस का सूचना दी और उसके खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस ने पुनहाना जाकर के दबिश भी दी थी, लेकिन आरोपी नहीं मिला। हाल ही में नीरज के बारे में मुखबिर से सूचना मिली तो पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से कुछ बाल भी बरामद किए हैं। बाकी के बाल बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।