दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई हिस्सों में बिन मौसम बारिश, फसलों को हो सकता है नुकसान

देश की राजधानी में सोमवार की सुबह मौसम ने करवट बदली। दिल्ली एनसीआर में हल्की बारिश हुई है। सुबह-सुबह ही पहले धूल भरी आंधी आई। जिससे अंधेरा सा छा गया। अचानक आई धूल भरी आंधी से लोग अस्त-व्यस्त हो गए। इसके कुछ समय बाद ही दिल्ली के कई इलाकों में बारिश हुई। मौसम में आए इस बदलाव की वजह से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। वहीं सुबह आंधी और बारिश के कारण गाड़ियों की भी रफ्तार धीमी हो गई। सोमवार सुबह ऑफिस जाने वालों को परेशानी का भी सामना करना पड़ा।

जहां एक और पारा गिरने दिल्ली वालों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन दूसरी ओर बिन मौसम बारिश किसानों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। ये बिन मौसम बारिश फसलों के लिए नुकसानदायक साबित होगी।

दिल्ली के अलावा देश के अन्य हिस्सों में भी सोमवार सुबह बारिश हुई। यूपी के आगरा में मौसम भी मौसम का ऐसा ही मिजाज दिखा। आसमान में घने काले बादल घिरे हुए हैं। तेज हवा के साथ कुछ जगहों पर बरसात भी हुई। शहर में भी तेज बारिश आने के बाद रुक गई, लेकिन बरसात के पूरे आसार बने हुए।