गलन से जूझ रहे राजस्थान के कई शहरों में बारिश, जारी हुई ओलावृष्टि की चेतावनी

बीते 3-4 दिनों से राजस्थान में कडाके की सर्दी पड़ रही है और गलन हो रही हैं। इस बीच आज प्रदेश के कई शहरों में बारिश हुई और तापमान में बड़ा अंतर देखने को मिला। राजधानी जयपुर में सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई। इसी के साथ वनस्थली में 3.1, सीकर, कोटा में 1-1, चूरू 2.6 और पिलानी में 1.1 मिमी बारिश दर्ज की गई।

पश्चिमी विक्षोभ से आज राजस्थान के अधिकांश जिलों में सुबह से बादल छाए रहे। जयपुर, कोटा, अजमेर, टोंक सहित उत्तर-पश्चिमी के बीकानेर, गंगानगर, जैसलमेर इलाके में बादल छाने के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम में आए इस बदलाव से सभी शहरों के न्यूनतम तापमान में 1 से लेकर 9 डिग्री तक का उछाल आया हैं, जिससे लोगों को कड़ाके की सर्दी से राहत मिली।
राजधानी जयपुर की बात करें तो शुक्रवार रात से ही मौसम में बदलाव देखने को मिला। आसमान में हल्के बादल छाने के साथ ही तेज हवा चलनी शुरू हो गई। सुबह जयपुर शहर सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई और सुबह करीब 10 बजे तक बादल भी छाए रहे। हालांकि, तापमान में बढ़ोतरी होने से सर्दी का असर कम ही रहा। जयपुर के अलावा पिलानी, सीकर, कोटा, टोंक, भरतपुर, अलवर, चूरू में भी सुबह 8 बजे तक बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश वनस्थली (टोंक) में 3.1 मिमी दर्ज हुई।मौसम विभाग ने विभाग ने 3 और 4 जनवरी के लिए पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के लिए ओरेंज अलर्ट जारी किया हैं। इसके तहत कोटा, जयपुर, भरतपुर और उदयपुर संभाग के कई इलाकों में बारिश के साथ कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की भी चेतावनी जारी की हैं। वहीं पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर संभाग में गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू में भी मेघगर्जना के साथ बारिश होने और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की हैं।