भरतपुर : स्थाई तौर पर बंद की गई 50 सालों से चल रही जनता एक्सप्रेस

रेलवे ने फिरोजपुर-मुंबई जनता एक्सप्रेस ट्रेन (19023-24) को स्थाई तौर पर बंद कर दिया है। सस्ता किराया होने के कारण यह ट्रेन लंबी दूरी की गरीबों की गाड़ी के रूप में लोकप्रिय थी। हालांकि कोरोना के कारण यह ट्रेन पिछले 11 माह से बंद पड़ी हुई थी। लेकिन रेलवे ने अब इसे स्थाई तौर पर बंद करने का निर्णय लिया है। ट्रेन के बंद होने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
पंजाब के फिरोजपुर से चलने वाली यह ट्रेन मुंबई तक के अपने 1772 किलोमीटर के सफर में बयाना समेत 96 स्टेशनों पर रुकती थी। जबकि कोरोना काल के बाद इस ट्रेन का पुनः संचालन करने को लेकर पिछले कई दिनों से लोगों की ओर से मांग की जा रही थी। इसके विपरीत रेलवे ने ट्रेन को बंद कर रेल यात्रियों की उम्मीदों को झटका दिया है। जनता एक्सप्रेस बयाना से भरतपुर, मथुरा, दिल्ली सहित हिंडौन, गंगापुर, सवाई माधोपुर, कोटा जाने के लिए यात्रियों के लिए काफी फायदेमंद थी। स्टेशन अधीक्षक टीसी राजौरा ने बताया कि पश्चिम रेलवे ने 9 गाड़ियों के संचालन को बंद करने की अनुशंसा की थी। जिसमें एक ट्रेन जनता एक्सप्रेस भी है।