राहुल गांधी की PM मोदी से मांग - कच्चा तेल सस्ता हो गया, 60 रुपये लीटर करें पेट्रोल के दाम

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई बेतहाशा गिरावट का फायदा अब आम भारतीयों को भी मिलने लगा है। भारत में पेट्रोल और डीजल के दाम में भरी गिरावट आई है। बुधवार को पेट्रोल के दाम 2 रुपए 69 पैसे और डीजल के भाव में 2 रुपए 33 पैसे की गिरावट आई है। गिरावट के बाद पेट्रोल 70.29 और डीजल 63.01 पैसे हो गया है। कच्चे तेल की कीमतों में लगातार गिरावट से पेट्रोल का भाव सोमवार को 8 महीने में पहली बार 71 रुपए प्रति लीटर से नीचे आया था। सऊदी अरब और रूस के बीच तेल बाजार में कीमत युद्ध (मूल्य घटाने की होड़) छिड़ने से सोमवार को कच्चा तेल अंतरराष्ट्रीय वायदा बाजार में 31% तक टूट गया था। सोमवार को ब्रेंट कच्चा तेल भाव 31 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। गोल्डमैन सैश ने चेतावनी दी है कि भाव 20 डॉलर तक जा सकता है।

पेट्रोल के गिरते दामों पर राहुल गांधी ने नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए ट्विट किया है। राहुल गांधी ने अपनी ट्विट में लिखा 'पीएमओ जब आप एक निर्वाचित कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने में व्यस्त थे, तब आप वैश्विक स्तर की कीमतों में 35% की गिरावट के बारे में जानने से चूक गए होंगे। क्या आप पेट्रोल की कीमतों को 60 रुपये प्रति लीटर करके भारतीयों को लाभ पहुंचा सकते हैं? ठहरी हुई अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने में मदद करेगा।'

बता दे, भारत अपनी जरूरत का 84 प्रतिशत से अधिक तेल आयात करता है। कच्चे तेल की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में कमी से देश के आयात बिल में कमी आएगी और इससे खुदरा कीमतें भी कम होंगी।