23 साल बाद पंजाब में शीतलहर की चुनौती, अगले पांच दिन कोहरा भी पड़ेगा

मौसम विभाग (आईएमडी) ने देश के उत्तरी मैदानी क्षेत्रों में अगले चार दिनों तक शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने कहा कि उत्तरी भारत के मैदानी क्षेत्रों में इस दौरान न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है। इससे पंजाब, हरियाणा के कुछ हिस्सों, चंडीगढ़ और दिल्ली, उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड में अगले तीन दिनों तक शीतलहर चलने की आशंका है। पंजाब में 1998 के बाद इस बार शीतलहर 30 जनवरी तक चुनौती देगी। नवंबर-दिसंबर में ज्यादा वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और 2016 के बाद सर्दी की 10% ज्यादा बारिश होने के बाद शीतलहर का समय भी बढ़ गया है। मौजूदा स्टडी के अनुसार अगले 5 दिन शीतलहर के साथ कोहरा पड़ेगा। अभी रात का पारा और गिरेगा। मौसम विभाग के ऑल टाइम वेदर डेटा के मुताबिक 1901 से अभी तक लोहड़ी के बाद सर्दी कम हो जाती है लेकिन इस बार ऐसा नहीं है। बुधवार को दोपहर में धूप निकलेगी उसके बाद दो हफ्ते कड़ाके की सर्दी पड़ने की संभावना है।

दिल्ली शीतलहर की चपेट में

दिल्ली शीतलहर की चपेट में है। मंगलवार को दिल्ली-एनसीआर में सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा है। सुबह दिल्ली में न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। ठंडी हवाओं ने लोगों को परेशान किया। वहीं 15-30 किलोमीटर प्रति घंटे के स्पीड से तेज हवाओं के कारण एयर क्वालिटी यानी हवा की गुणवत्ता में सुधार देखने को मिला है। पिछले कई दिनों से दिल्ली में न्यूनतम तापमान का पारा तेजी से गिरने के कारण ठंठ बढ़ती जा रही है।

रेवाड़ी, हिसार और नारनौल का तापमान 2 डिग्री तक पहुंचा

हरियाणा में अगले 24 घंटे में रात का पारा शून्य की ओर जा सकता है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 13 से 16 जनवरी तक कहीं-कहीं घना कोहरा छा सकता है। वहीं, मंगलवार को रेवाड़ी में रात का पारा 2.0, हिसार में 2.2 और नारनौल में 2.8 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। हरियाणा में दिन का पारा सामान्य से 6 डिग्री नीचे पहुंच गया। पंचकूला में यह 11.3, करनाल में 12.4 और अम्बाला में 12.6 डिग्री दर्ज किया गया।

हरियाणा के कई जिलों में सुबह कोहरे के कारण कुछ स्थानों पर दृश्यता शून्य हो गई। मौसम विभाग ने देश के उत्तरी मैदानी क्षेत्रों में अगले 4 दिन तक शीतलहर चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।