पंजाब (Coronavirus in Punjab) में कोरोना संक्रमण के चलते हालात बिगड़ते जा रहे हैं। 22 में से 15 जिलों में अब तक कुल 151 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। इस वायरस की वजह से 11 लोगों की मौत हो चुकी है। इन हालात से निपटने के लिए राज्य सरकार ने कर्फ्यू को 30 अप्रैल तक बढ़ा दिया है। पहले इसकी अवधि 14 अप्रैल थी। इसके बाद कई शहरों में सख्ती बढ़ा दी गई है। राज्य सरकार ने मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है। इसके लिए नोटिफिेकेशन भी जारी कर दिया है। लेकिन मोहाली के एक गांव में 34 मरीजों के मिलने के बाद से हड़कंप मच गया है। जवाहरपुर गांव में अभी तक कोरोना के 34 मामले सामने आ चुके हैं। मोहाली (साहिबजादा अजीत सिंह नगर) के डेप्युटी कमिश्नर गिरिश दयालान ने जानकारी देते हुए बताया, 'मोहाली में अभी तक कोरोना के 50 केस सामने आ चुके हैं। इनमें सबसे अधिक 34 पॉजिटिव केस अकेले जवाहरपुर गांव में ही पाए गए हैं। दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 5 इलाज के बाद स्वस्थ हो चुके हैं।' यह गांव मोहाली के डेरा बस्सी कस्बे में स्थित है। सड़क पर पड़े मिल रहे नोट
मोहाली में तीन दिन से सड़क पर नोट पड़े मिल रहे हैं। गुरुवार को शहर के एसएसपी आवास के पास से 100, 50 और 10 के नोट पड़े मिले थे। फिर शुक्रवार भी इसी तरह सड़क पर नोट बिखरे हुए थे। यह सिलसिला थमने का नाम ही नहीं ले रहा। शुक्रवार रात डड्डू माजरा कॉलोनी में भी 10 रुपए के एक नोट को देखकर सड़क के किनारे एक मकान के मालिक ने हाथ नहीं लगाया। थोड़ी ही देर में पूरे मोहल्ले के लोग जुट गए। 100 नंबर पर फोन करके पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर नोट को सैनिटाइज कर अपने कब्जे में ले लिया।मास्क पहनना अनिवार्य
कोरोना वायरस के तेजी से बढ़ते मामलों को देखते हुए पंजाब सरकार ने मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है। मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने इसकी जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने अपने फैसले की जानकारी देते हुए कहा, ‘पंजाब में अब मास्क पहनना अनिवार्य है। जब भी आप किसी आपात स्थिति में या आवश्यक वस्तुओं के लिए घर से बाहर निकलें तो मास्क जरूर पहनें।’