चुनावों के बीच पूर्व PM मनमोहन सिंह ने जारी किया वीडियो, कहा- मोदी सरकार का राष्ट्रवाद नकली

देश के पूर्व प्रधानमंत्री और कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता डॉ मनमोहन सिंह (Manmohan Singh) ने गुरुवार को बीजेपी (BJP) और केंद्र सरकार पर जमकर हमला किया है। PM नरेंद्र मोदी की अबोहर रैली से पहले उन्होंने वीडियो के जरिए केंद्र सरकार पर निशाने साधे। पूर्व PM ने कहा कि मोदी सरकार का राष्ट्रवाद नकली है। जो अग्रेजों 'फूट डालो और राज करो' की नीति पर चलता है। इसके अलावा मनमोहन सिंह ने पंजाब (Punjab) में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) की सुरक्षा में हुई चूक के मामले में पंजाब के मुख्‍यमंत्री चरणजीत सिंह चन्‍नी का बचाव भी किया है। डॉ सिंह ने केंद्र सरकार को चीन के मुद्दे पर भी घेरा। उन्होंने कहा कि एक साल से चीनी फौज भारत की पवित्र जमीन पर बैठी है। इस सरकार को संविधान पर भरोसा नहीं है। संवैधानिक संस्थाओं को लगातार कमजोर किया जा रहा है। सरकार देश के अंदर ही नहीं बल्कि विदेश नीति के मोर्चे पर भी फेल हुई है।

CM चन्‍नी का किया समर्थन

डॉ। मनमोहन सिंह ने पंजाब चुनाव के संबंध में कहा, ‘लोग कांग्रेस के अच्‍छे कामों को याद रख रहे हैं। प्रधानमंत्री की सुरक्षा में चूक मामले पर बीजेपी ने पंजाब के मुख्‍यमंत्री चरणजीत सिंह चन्‍नी और पंजाब की जनता का अपमान करने की कोशिश की थी।’ डॉ सिंह ने कहा कि चुनावी माहौल में पंजाब की जनता के सामने बड़ी चुनौतियां हैं। इनका मुकाबला ठीक तरीके से करना जरूरी है। कांग्रेस ही पंजाब में किसानों की खुशहाली और बेरोजगारी को दूर कर सकती है। पंजाब के वोटरों को इस बात का ध्यान जरूर रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत आज एक अहम मोड़ पर खड़ा है। मेरी बड़ी इच्छा थी कि मैं पंजाब, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, गोवा और मणिपुर के भाई-बहनों के साथ देश और राज्य के हालात के बारे में चर्चा करूं, लेकिन डॉक्टरों की सलाह की वजह से इसी तरह संबोधित कर रहे हैं।

आर्थिक नीतियों की समझ नहीं

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने यह भी कहा, ‘बीजेपी नीत सरकार के पास आर्थिक नीतियों के संबंध में कोई समझ नहीं है। यह मुद्दे सिर्फ देश तक ही सीमित नहीं हैं। यह सरकार विदेश नीतियों पर भी विफल साबित हुई है। चीन हमारी सीमाओं पर बैठा है। इस मुद्दे को दबाने की कोशिश की जा रही है।’ बीजेपी सरकार की गलत नीतियों की वजह से देश आर्थिक मंदहाली की जकड़ में फंस गया है। किसान, व्यापारी, विद्यार्थी और औरतें परेशान हैं। देश के अन्नदाता दाने-दाने के मोहताज हो गए हैं। देश में सामाजिक असमानता बढ़ गई है। लोगों पर कर्जा बढ़ रहा और कमाई घट रही है। अमीर और अमीर हो रहे और गरीब और गरीब हो रहे हैं। सरकार आंकड़ों के साथ धोखा कर सब कुछ ठीक बता रही है। सरकार की नीति और नीयत में खोट है।

‘नेहरू को जिम्‍मेदार ठहराते हैं’


मनमोहन सिंह ने कहा कि कोरोना के दौरान केंद्र सरकार की खराब नीतियों की वजह से लोग इस समय आर्थिकता, बेरोजगारी और बढ़ती महंगाई से परेशान हैं। 7.5 साल सरकार चलाने के बाद वे अपनी गलती मानने और सुधार करने को तैयार नहीं है। सरकार देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को जिम्मेदार ठहराती है।

बिना बुलाए पहुंचकर बिरयानी खाने से नहीं सुधरते रिश्‍ते

उन्‍होंने पीएम मोदी का नाम लिए बगैर उनपर भी निशाना साधा। उन्‍होंने कहा कि राजनीतिज्ञों को गले लगाकर संबंध बेहतर नहीं बनाए जाते या फिर बिना आमंत्रण के बिरयानी खाने पहुंच जाने पर भी ऐसा नहीं होता है। मनमोहन सिंह ने कहा कि बीजेपी का राष्‍ट्रवाद अंग्रेजों की फूट डालो और शासन करो की नीति पर आधारित है। अब संवैधानिक संस्‍थाएं कमजोर हो रही हैं। सरकार अपने स्वार्थ को पूरा करने के लिए लोगों को जाति, धर्म और क्षेत्र के नाम पर बांट रही है। उन्हें आपस में लड़ाया जा रहा है। केंद्र सरकार बांटो और राज करो की राजनीति पर चल रही है।

मैंने कम बोला और काम ज्यादा किया

मनमोहन सिंह ने कहा, 'मैं मानता हूं कि प्रधानमंत्री के पद का एक खास महत्व होता है। इतिहास पर दोष लगाकर अपने गुनाह कम नहीं हो सकते। प्रधानमंत्री के तौर पर काम कर मैंने ज्यादा बोलने की जगह काम को तरजीह दी। हमने सियासी लाभ के लिए देश को नहीं बांटा'