न्याय नहीं मिलने पर 2 लड़कियों ने राष्ट्रपति को लिखा खून से खत, मांगी मरने की इजाजत

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद (Ram Nath Kovind) को पंजाब (Punjab) के शहर मोगा की 2 लड़कियों ने खून से खत लिखकर न्याय की मांग करते हुए लिखा कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो पूरे परिवार को इच्छा मृत्यु की इजाजत दी जाए। दरअसल, दोनों लड़कियों के खिलाफ मोगा पुलिस ने आईपीसी की धारा 420 के तहत धोखाधड़ी और कबूतरबाजी का मामला दर्ज किया है। लेकिन लड़कियों ने इन आरोपों को झूठा बताया है। लड़कियों का आरोप है कि हमें फंसाया गया है। हमने अधिकारियों से जांच करने की मांग की थी। पुलिस ने हमारी बात नहीं सुनी। हमारा परिवार किसी अनहोनी को लेकर डरा हुआ है।

क्या कहना है पुलिस का?

वही इस पूरे मामले पर पुलिस अधिकारी कुलजिंदर सिंह का कहना है कि लड़कियों के आरोप झूठे है। उन्होंने कहा- लड़कियों पर केस दर्ज है। दोनों मेरे पास आई थीं। वे रुपयों का लेन-देन करती हैं। दूसरे पक्ष ने इन्हें एजेंट मानकर मामले दर्ज कराए हैं।

पुलिस अधिकारी ने कहा- मैंने सुना है कि उन्होंने राष्ट्रपति को एक पत्र भेजा है। मगर मुझे इस संबंध में कोई भी आधिकारिक सूचना नहीं है। हम जल्द ही इस मामले को सुलझा लेंगे।