कोरोना वायरस से स्पेन की राजकुमारी मारिया टेरेसा की मौत, पेरिस में ली आखिरी सांस

कोरोना वायरस (Coronavirus) के संक्रमण से स्पेन की राजकुमारी मारिया टेरेसा की मौत 26 मार्च को हो गई। वे 86 साल की थीं। नोवस कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद उनका इलाज चल रहा था। पूरी दुनिया में किसी रॉयल फैमिली से यह पहली मौत है। उनके भाई प्रिंस सिक्सटो एनरिके डी बॉरबोन ने एक फेसबुक पोस्ट में इसकी जानकारी दी। राजकुमार सिक्‍टो ने बताया कि राजकुमारी मारिया का फ्रांस की राजधानी पेरिस में निधन हुआ। राजकुमारी मारिया का निधन ऐसे समय पर हुआ है जब स्‍पेन के राजा फेलिपे की कोरोना जांच की गई है। इस जांच में वह निगेटिव पाए गए हैं। 28 जुलाई 1933 को जन्‍मी राजकुमारी मारिया ने फ्रांस में पढ़ाई की थी ओर पेरिस के विश्‍वविद्यालय में प्रफेसर बनी थीं। विदेशी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, प्रिंसेस मारिया टेरेसा को रेड प्रिंसेस के नाम से भी जाना जाता था क्योंकि उनके विचार काफी बेलाग थे और सामाजिक कार्यों में भी बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेती थीं। द सन के मुताबिक, प्रिंसेस के परिवार में और भी कई सदस्य हैं।

देश-दुनिया के कई लोग इस बीमारी की चपेट में आए हैं लेकिन मौत के मामले में स्पेन से यह बड़ी खबर सामने आई है। बता दें, यूरोपीय देशों में इटली के बाद स्पेन ही कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित है।

स्पेन में कोरोना वायरस से बड़ी तबाही मची है। इटली के बाद यहां सबसे ज्यादा मौत की खबर है। अब तक 3400 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। स्पेन और इटली ने चीन को भी पीछे छोड़ दिया है जहां कोरोना वायरस सबसे पहले पनपा था। स्पेन की पार्लियामेंट ने यहां इमरजेंसी लगा दिया है जिसके अभी और बढ़ाए जाने की संभावना है।