भारत-अमेरिका संबंधों को बढ़ाने के लिए ट्रंप ने PM मोदी को किया 'लीजन ऑफ मेरिट' से सम्मानित

संयुक्त राष्ट्र के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत और अमेरिका की रणनीतिक साझेदारी को बढ़ाने में उनके नेतृत्व के लिए अमेरिका के एक शीर्ष सम्मान 'लीजन ऑफ मेरिट' से नवाजा है। अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार रॉबर्ट सी ओब्रायन ने इसकी जानकारी दी। मोदी की तरफ से यह सम्मान अमेरिका में भारत के राजदूत तरणजीत सिंह संधू ने स्वीकार किया। ट्रम्प की तरफ से यह मेडल अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार रॉबर्ट ओब्रायन ने दिया। अमेरिका का यह अवॉर्ड किसी देश या सरकार के प्रमुख को ही दिया जाता है। मोदी के साथ यह अवॉर्ड जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरीसन को भी दिया गया। आपको बता दे, 'लीजन ऑफ मेरिट' मेडल एक फाइव-रे वाला सफेद क्रॉस है, जिसे लाल रंग से धारित किया गया है। इसमें 13 सफेद सितारों वाले नीले केंद्र के साथ एक हरे रंग की पुष्पांजलि है। 20 जुलाई, 1942 को कांग्रेस द्वारा लीज ऑफ मेरिट मेडल की स्थापना की गई थी।

ओब्रायन ने ट्वीट कर कहा, 'राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अपने नेतृत्व के जरिए अमेरिका-भारत की रणनीतिक साझेदारी को बढ़ाने के लिए 'लीजन ऑफ मेरिट' पेश किया। अमेरिका में भारतीय राजदूत तरनजीत सिंह संधू ने पीएम मोदी की ओर से पदक स्वीकार किया।'

भारत के लिए अमेरिका की तरफ से कहा गया कि मोदी की अगुआई में उनका देश ग्लोबल पावर बन रहा है। साथ ही भारत के प्रधानमंत्री ने अमेरिका के साथ स्ट्रैटजिक पार्टनरशिप बढ़ाने और वैश्विक चुनौतियों को सामना करने में अहम भूमिका निभाई।

पीएम मोदी को यह पुरस्कार मिलने पर भारत के विदेश मंत्रालय की तरफ से भी एक बयान जारी किया गया, जिसमें कहा गया 'यह पुरस्कार पीएम के निरंतर नेतृत्व और वैश्विक शक्ति के रूप में भारत के उद्भव के लिए नेतृत्व और दृष्टि को लेकर मिला। साथ ही भारत-संयुक्त राज्य अमेरिका की रणनीतिक साझेदारी की प्रगति और वैश्विक शांति और समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए उनके द्वारा दिए गए अनुकरणीय योगदान को नवाजा गया है।'

क्या है 'लीजन ऑफ मेरिट'?

यह अमेरिकी सेना, विदेशी सैन्य सदस्यों और राजनीतिक हस्तियों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने उत्कृष्ट सेवाओं और उपलब्धियों के प्रदर्शन में असाधारण और सराहनीय आचरण प्रदर्शित किया है। यह सर्वोच्च सैन्य पदक में से एक है जिसे विदेशी अधिकारियों को प्रदान किया जाता है।